

Raipur chhattisgarh VISHESH /देश की सबसे बड़ी एकीकृत बिजली उत्पादन कंपनी एनटीपीसी लिमिटेड ने वित्त वर्ष 2026-27 की पहली तिमाही (30 जून 2026 तक) के अनऑडिटेड वित्तीय परिणाम जारी करते हुए मजबूत परिचालन और वित्तीय प्रदर्शन दर्ज किया है। कंपनी ने क्षमता विस्तार, परिचालन दक्षता और समूह कंपनियों के बेहतर प्रदर्शन के दम पर लाभ में उल्लेखनीय वृद्धि हासिल की है।
स्टैंडअलोन आधार पर एनटीपीसी की कुल आय पहली तिमाही में 44,512 करोड़ रुपये रही, जो पिछले वित्त वर्ष की समान अवधि की तुलना में 3 प्रतिशत अधिक है। वहीं कंपनी का कर पश्चात लाभ (PAT) बढ़कर 5,342 करोड़ रुपये हो गया, जबकि वित्त वर्ष 2025-26 की पहली तिमाही में यह 4,775 करोड़ रुपये था। इस प्रकार कंपनी के स्टैंडअलोन PAT में 12 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई। कंपनी के अनुसार, यह बढ़ोतरी मुख्य रूप से नई उत्पादन क्षमता जुड़ने और परिचालन दक्षता में सुधार का परिणाम है।

समेकित (कंसोलिडेटेड) आधार पर एनटीपीसी समूह का कर पश्चात लाभ 6,108 करोड़ रुपये से बढ़कर 6,896 करोड़ रुपये हो गया, जो 13 प्रतिशत की वृद्धि दशर्शाता है। समूह की सहायक कंपनियों के प्रदर्शन में भी उल्लेखनीय सुधार देखने को मिला। इन कंपनियों का लाभ 1,131 करोड़ रुपये से बढ़कर 1,832 करोड़ रुपये पहुंच गया, जो लगभग 62 प्रतिशत की वृद्धि है।
परिचालन प्रदर्शन के मोर्चे पर भी एनटीपीसी ने अपनी बढ़त बनाए रखी। कंपनी के कोयला आधारित बिजली संयंत्रों ने पहली तिमाही के दौरान 76.71 प्रतिशत प्लांट लोड फैक्टर (PLF) हासिल किया, जो देश के अन्य कोयला आधारित बिजली संयंत्रों के 70.32 प्रतिशत के औसत PLF से काफी अधिक है।
कंपनी का कहना है कि पहली तिमाही के परिणाम भारत के बिजली क्षेत्र में एनटीपीसी की अग्रणी स्थिति को और मजबूत करते हैं। परिचालन उत्कृष्टता, क्षमता विस्तार और विविधीकृत विकास रणनीति के बल पर कंपनी भविष्य में भी सतत विकास की दिशा में आगे बढ़ने के लिए प्रतिबद्ध है।





















