
कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के प्रदर्शन के चलते दिल्ली मेट्रो के 18 स्टेशन बंद कर दिए गए.

सीजेपी के प्रवक्ता आशुतोष रांका ने बताया कि सरकार के साथ हुई बातचीत में दो मांगों पर सहमति बनी है.

आशुतोष रांका ने एक्स पर लिखा सरकार ने नीट से प्रभावित परिवारों को मुआवज़ा देने और प्रदर्शनकारियों के ख़िलाफ़ कोई क़ानूनी कार्रवाई नहीं करने की मांग पर सैद्धांतिक सहमति जताई है.उन्होंने आगे बताया कि शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग पर जवाब देने के लिए सरकार ने कल तक का समय मांगा है.
शुक्रवार को दिल्ली के विट्ठल भाई पटेल हाउस में सीजेपी के प्रतिनिधियों और केंद्र सरकार के मंत्री जेपी नड्डा और जीतेंद्र सिंह के बीच बातचीत हुई. आशुतोष रांका ने बताया कि मीटिंग के दौरान केंद्रीय मंत्री जे.पी. नड्डा और डॉ. जितेंद्र सिंह को जनता के बीच बढ़ते गुस्से और नाराज़गी से अवगत कराया गया. उन्होंने कहा कि शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफ़े तक लोगों का गुस्सा और असंतोष थमने वाला नहीं है.

इसी बीच आज शुक्रवार को नई दिल्ली मेट्रो स्टेशन को भी अगली सूचना तक बंद कर दिया गया है.
दिल्ली मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन (डीएमआरसी) ने एक्स पर पोस्ट कर इसकी जानकारी दी. डीएमआरसी ने यह भी बताया कि अगली सूचना तक इंटरचेंज की सुविधा भी उपलब्ध नहीं होगी. डीएमआरसी ने इस असुविधा के लिए खेद भी जताया है.
दिल्ली में शुक्रवार को जंतर-मंतर के पास चल रहे कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के प्रदर्शन के चलते दिल्ली मेट्रो के 18 स्टेशन बंद कर दिए गए. यह जानकारी डीएमआरसी ने दी.
सुबह 7:30 बजे 17 मेट्रो स्टेशन बंद किए गए थे. इसके कुछ घंटे बाद न्यू दिल्ली मेट्रो स्टेशन को भी बंद कर दिया गया.
न्यू दिल्ली के अलावा लोक कल्याण मार्ग, राजीव चौक, पटेल चौक, रामकृष्ण आश्रम मार्ग, बाराखंभा रोड, सुप्रीम कोर्ट, सेवा तीर्थ, जनपथ, मंडी हाउस, सेंट्रल सेक्रेटेरिएट, आईटीओ, दिल्ली गेट, इंद्रप्रस्थ, खान मार्केट, जोर बाग, शिवाजी स्टेडियम और झंडेवालन मेट्रो स्टेशन भी बंद कर दिए गए.





















