

संयंत्र और भिलाई टाउनशिप में स्वच्छ और सुरक्षित पाइप्ड नेचुरल गैस (पीएनजी) की होगी आपूर्ति
Raipur chhattisgarh VISHESH / सस्टेनेबल एनर्जी (सतत ऊर्जा) और हरित औद्योगिक विकास की दिशा में एक बड़ा कदम उठाते हुए, स्टील अथॉरिटी ऑफ इंडिया लिमिटेड (सेल) के भिलाई इस्पात संयंत्र (बीएसपी) और अडाणी टोटल गैस लिमिटेड (एटीजीएल) के बीच आज एक महत्वपूर्ण समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए गए। इस समझौते के तहत भिलाई इस्पात संयंत्र और उसकी टाउनशिप में पाइप्ड नेचुरल गैस (पीएनजी) की निर्बाध आपूर्ति की जाएगी। यह पहल संयंत्र की ऊर्जा दक्षता में वृद्धि करने के साथ-साथ पर्यावरण-अनुकूल स्वच्छ ऊर्जा को बढ़ावा देने की दिशा में मील का पत्थर साबित होगी।

इस ऐतिहासिक समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर समारोह में पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस विनियामक बोर्ड (पीएनजीआरबी) के अध्यक्ष और पूर्व आईएएस अधिकारी डॉ. अनिल कुमार जैन तथा भिलाई इस्पात संयंत्र के निदेशक प्रभारी श्री चित्तरंजन महापात्र मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। अडाणी टोटल गैस लिमिटेड की ओर से श्री नविंदरजीत सिंह बेदी तथा भिलाई इस्पात संयंत्र की ओर से मुख्य महाप्रबंधक प्रभारी (एम एंड यू) श्री बी. के. बेहरा ने आधिकारिक तौर पर समझौता ज्ञापन के दस्तावेजों का आदान-प्रदान किया।


इस अवसर पर भिलाई इस्पात संयंत्र के निदेशक प्रभारी श्री चित्तरंजन महापात्र ने कहा, “यह साझेदारी दोनों संस्थानों के लिए दीर्घकालिक रूप से लाभकारी सिद्ध होगी। स्वच्छ, सुरक्षित और पर्यावरण-अनुकूल ईंधन के उपयोग को बढ़ावा देने के साथ-साथ यह ऊर्जा दक्षता और सतत विकास के लक्ष्यों को भी नई गति प्रदान करेगी।”

बैठक के दौरान वर्तमान में उपयोग किए जा रहे प्रोपेन और एलपीजी के स्थान पर, तकनीकी रूप से व्यवहार्य (technically viable) क्षेत्रों में पीएनजी अपनाने की संभावनाओं पर विस्तृत चर्चा की गई। इसके साथ ही दोनों संगठनों के बीच ऊर्जा क्षेत्र में पारस्परिक सहयोग के विभिन्न आयामों पर सहमति बनी। समारोह के दौरान उप प्रबंधक (जनसंपर्क) सुश्री शालिनी चौरसिया द्वारा भिलाई इस्पात संयंत्र की क्षमताओं और पीएनजी कार्यान्वयन पर एक विस्तृत प्रेजेंटेशन भी प्रस्तुत किया गया।
कार्यक्रम में भिलाई इस्पात संयंत्र के कार्यपालक निदेशक (सामग्री प्रबंधन) श्री ए. के. चक्रवर्ती, कार्यपालक निदेशक (वित्त एवं लेखा) श्री प्रवीण निगम, कार्यपालक निदेशक (मानव संसाधन) श्री पवन कुमार, कार्यपालक निदेशक (परियोजनाएं) श्री पी. के. सरकार, कार्यपालक निदेशक (संकार्य) श्री राकेश कुमार सहित संयंत्र के कई मुख्य महाप्रबंधक एवं वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित रहे। यह समझौता भिलाई इस्पात संयंत्र और उसकी टाउनशिप में स्वच्छ ऊर्जा के उपयोग को बढ़ावा देकर ऊर्जा प्रबंधन को अधिक प्रभावी बनाएगा, जिससे पर्यावरण संरक्षण और हरित औद्योगिक विकास के राष्ट्रीय उद्देश्यों को साकार करने में महत्वपूर्ण सहयोग मिलेगा।





















