

Raipur chhattisgarh VISHESH / भिलाई इस्पात संयंत्र के इस्पात गलन शाला-3 (स्टील मेल्टिंग शॉप-3) में महिला संविदा कर्मियों के लिए ‘नई चेतना’ जागरूकता एवं सशक्तिकरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य महिला कर्मियों को कार्यस्थल सुरक्षा, महिला अधिकारों, औद्योगिक संबंधों, श्रमिक कल्याण योजनाओं, मातृत्व संबंधी सुविधाओं, स्वास्थ्य जागरूकता तथा कार्यस्थल पर उत्पीड़न की रोकथाम से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों के प्रति जागरूक एवं सशक्त बनाना था।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य महाप्रबंधक (स्टील मेल्टिंग शॉप-3) त्रिभुवन बैठा के संबोधन से हुआ। उन्होंने महिला कर्मियों से सुरक्षित कार्य संस्कृति को अपनाने, अपने अधिकारों एवं कर्तव्यों के प्रति सजग रहने तथा आत्मविश्वास और प्रतिबद्धता के साथ दायित्वों का निर्वहन करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि जागरूक और सशक्त महिला कर्मी किसी भी औद्योगिक संगठन की सुरक्षित, अनुशासित और प्रभावी कार्य संस्कृति की आधारशिला होती हैं।


कार्यक्रम के दौरान विभागीय सुरक्षा अधिकारी उमाशंकर परगनिहा ने कार्यस्थल सुरक्षा एवं महिला सुरक्षा से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर विस्तार से जानकारी देते हुए सुरक्षित कार्य व्यवहार अपनाने पर बल दिया। औद्योगिक संबंध विभाग के राजेश मौर्य ने न्यूनतम वेतन, श्रमिक कल्याण योजनाओं तथा श्रम संबंधी प्रावधानों की जानकारी साझा की। वहीं ऑक्युपेशनल हेल्थ सेंटर की शुभश्री प्रशांत ने महिला स्वास्थ्य, मातृत्व संबंधी सुविधाओं तथा स्वास्थ्य जागरूकता के विभिन्न आयामों पर उपयोगी जानकारी प्रदान की।
कार्यक्रम के अंतर्गत आयोजित प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता में सही उत्तर देने वाली प्रतिभागियों को प्रोत्साहन स्वरूप स्मृति उपहार प्रदान कर सम्मानित किया गया। इससे महिला कर्मियों में उत्साह, सहभागिता और सीखने के प्रति सकारात्मक वातावरण विकसित हुआ।
कार्यक्रम में लगभग 50 से 60 महिला संविदा कर्मियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस पहल से महिला सुरक्षा, श्रमिक अधिकारों, स्वास्थ्य जागरूकता तथा श्रमिक कल्याण संबंधी विषयों के प्रति प्रतिभागियों की समझ और अधिक सुदृढ़ हुई। कार्यक्रम का संचालन सहायक महाप्रबंधक (मानव संसाधन) सुशील कामड़े तथा विभागीय सुरक्षा अधिकारी उमाशंकर परगनिहा ने किया।





















