

दक्षिण एशिया, दक्षिण-पूर्व एशिया और यूएई के 20 अग्रणी विश्वविद्यालयों ने अंतरराष्ट्रीय शैक्षणिक सहयोग को सुदृढ़ करने के लिए मिलाया हाथ
प्रविष्टि तिथि: 15 JUL 2026 6:15PM by PIB Raipur
हिदायतुल्लाह राष्ट्रीय विधि विश्वविद्यालय (एचएनएलयू), रायपुर ने थाईलैंड के बैंकॉक स्थित आईकॉनसियाम कन्वेंशन सेंटर में 9-10 जुलाई 2026 को आयोजित एसोसिएशन ऑफ यूनिवर्सिटीज़ ऑफ एशिया एंड द पैसिफिक (AUAP) – वर्ल्ड यूनिवर्सिटी रैंकिंग्स फॉर इनोवेशन (WURI) इम्पैक्ट समिट 2026 के दौरान वैश्विक विश्वविद्यालय नवाचार एवं सहयोग विषयक एक ऐतिहासिक बहुपक्षीय समझौता ज्ञापन (MoU) पर हस्ताक्षर किए हैं। यह रणनीतिक समझौता उच्च शिक्षा, नवाचार, अनुसंधान तथा सतत विकास के क्षेत्रों में अंतरराष्ट्रीय सहयोग को सुदृढ़ करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है, जिसका उद्देश्य सहभागी विश्वविद्यालयों के मध्य दीर्घकालिक संस्थागत साझेदारी का प्रभावी ढांचा विकसित करना है।


इस बहुपक्षीय समझौते पर दक्षिण एशिया, दक्षिण-पूर्व एशिया तथा संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) के 20 अग्रणी विश्वविद्यालयों ने हस्ताक्षर किए हैं। “सरकार के साथ साझेदारी में विश्वविद्यालय नवाचार: नीति, तंत्र और प्रभाव” विषय पर आयोजित इस दो दिवसीय अंतरराष्ट्रीय शिखर सम्मेलन में विश्वभर के विश्वविद्यालयों के प्रमुखों, नीति-निर्माताओं, नवाचार विशेषज्ञों तथा शिक्षाविदों ने भाग लिया। यह सम्मेलन उच्च शिक्षा में नवाचार आधारित संस्थागत पहलों को साझा करने तथा वैश्विक शैक्षणिक साझेदारियों को सुदृढ़ करने का एक प्रमुख मंच सिद्ध हुआ।
शिखर सम्मेलन में एचएनएलयू का प्रतिनिधित्व करते हुए कुलपति प्रो. (डॉ.) वी.सी. विवेकानन्दन ने विश्वविद्यालय के अभिनव ‘रिसर्च हब एंड स्पोक’ (R-HaS) मॉडल पर आधारित एक विस्तृत केस स्टडी प्रस्तुत की। इस प्रस्तुति में एचएनएलयू के अंतर्विषयी अनुसंधान तंत्र, बाह्य वित्तपोषित शोध परियोजनाओं तथा समाजोन्मुख एवं प्रभावकारी अनुसंधान के प्रति विश्वविद्यालय की प्रतिबद्धता को प्रमुखता से रेखांकित किया गया। इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए प्रो. विवेकानन्दन ने कहा कि एचएनएलयू क्षेत्रीय एवं वैश्विक विश्वविद्यालय संगठनों के साथ सार्थक सहभागिता के माध्यम से अपनी अनुसंधान पहलों को वैश्विक स्तर पर प्रदर्शित और प्रसारित करने की दिशा में प्रभावशाली प्रगति कर रहा है। उन्होंने बताया कि सम्मेलन के दौरान AUAP के महासचिव प्रो. डॉ. अनूप स्वरूप तथा कार्यकारी सचिव डॉ. सुपापोर्न चुआंगचिद के साथ संयुक्त सम्मेलन, अनुसंधान परियोजनाओं, संकाय एवं छात्र विनिमय तथा अन्य शैक्षणिक कार्यक्रमों पर भी अत्यंत सार्थक चर्चा हुई है।
बहुपक्षीय समझौता ज्ञापन के अनुच्छेद-3 के अंतर्गत सहभागी संस्थानों ने संयुक्त अनुसंधान एवं नवाचार परियोजनाओं, शैक्षणिक कार्यक्रमों के विकास, नवाचार आधारित केस स्टडी, वैश्विक सम्मेलनों एवं कार्यशालाओं के आयोजन पर सहमति व्यक्त की है। इसके अतिरिक्त, यह समझौता संकाय, शोधार्थी एवं छात्र विनिमय, संस्थागत नीति नवाचार, उद्यमिता, स्टार्टअप सहयोग तथा नवाचार पारिस्थितिकी तंत्र (इनोवेशन इकोसिस्टम) के विकास जैसे विविध क्षेत्रों में पारस्परिक सहयोग को बढ़ावा देगा।
उल्लेखनीय है कि एसोसिएशन ऑफ यूनिवर्सिटीज़ ऑफ एशिया एंड द पैसिफिक (AUAP) एशिया-प्रशांत क्षेत्र का एक प्रतिष्ठित एवं प्राचीन विश्वविद्यालय संगठन है, जो शैक्षणिक सहयोग, नेतृत्व विकास, गुणवत्ता आश्वासन तथा उच्च शिक्षा के अंतरराष्ट्रीयकरण को प्रोत्साहित करता है। वहीं, वर्ल्ड यूनिवर्सिटी रैंकिंग्स फॉर इनोवेशन (WURI) एक अंतरराष्ट्रीय रैंकिंग प्रणाली है, जो विश्वविद्यालयों का मूल्यांकन पारंपरिक शोध मानकों के बजाय नवाचार, सामाजिक उत्तरदायित्व, उद्यमिता और उद्योग सहयोग जैसे वास्तविक सामाजिक प्रभावों के आधार पर करती है। एचएनएलयू ने अपने दूरदर्शी नेतृत्व एवं प्रभावशाली अनुसंधान के दम पर WURI रैंकिंग में निरंतर अंतरराष्ट्रीय पहचान प्राप्त की है।





















