
प्रविष्टि तिथि: 23 JUN 2026 6:34PM
स्टील अथॉरिटी ऑफ इंडिया लिमिटेड (सेल) के भिलाई इस्पात संयंत्र की समूह खदानों द्वारा अधिकारियों में प्रभावी नेतृत्व क्षमता विकसित करने तथा उन्हें तेजी से बदलते कार्य परिवेश की चुनौतियों के अनुरूप तैयार करने के उद्देश्य से माइन वेस्टिब्यूल ट्रेनिंग सेंटर (एमवीटीसी), राजहरा में दो दिवसीय नेतृत्व विकास कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला का विषय “तेजी से हो रहे परिवर्तनों के दौर में टीम का नेतृत्व” रखा गया था।

कार्यशाला में समूह खदानों तथा विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। कार्यक्रम का संचालन स्टील अथॉरिटी ऑफ इंडिया लिमिटेड के पूर्व निदेशक (वाणिज्य) एवं प्रबंधन विशेषज्ञ डॉ. शोएब अहमद तथा अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रमाणित नेतृत्व प्रशिक्षक एवं इमेज कंसल्टेंट सुश्री आरती शर्मा ने किया।
कार्यशाला के दौरान नेतृत्व कौशल, प्रभावी संचार, टीम निर्माण, परिवर्तन प्रबंधन, व्यक्तिगत प्रभावशीलता तथा संगठनात्मक उत्कृष्टता जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई। प्रतिभागियों को समूह गतिविधियों, केस स्टडी तथा संवादात्मक सत्रों के माध्यम से व्यावहारिक एवं अनुभवात्मक अधिगम का अवसर प्रदान किया गया।

विशेषज्ञों ने अपने संबोधन में कहा कि किसी भी संगठन की वास्तविक शक्ति उसके मानव संसाधन और नेतृत्व क्षमता में निहित होती है। उन्होंने बदलते कार्य परिवेश में ऐसे नेतृत्व की आवश्यकता पर बल दिया, जो टीमों को प्रेरित करने, विश्वास का वातावरण विकसित करने तथा चुनौतियों को अवसरों में परिवर्तित करने में सक्षम हो। उन्होंने कहा कि प्रभावी नेतृत्व न केवल संगठनात्मक लक्ष्यों की प्राप्ति सुनिश्चित करता है, बल्कि कर्मचारियों में नवाचार, सहयोग और उत्कृष्ट प्रदर्शन की संस्कृति को भी प्रोत्साहित करता है।

प्रतिभागियों ने कार्यशाला को अत्यंत उपयोगी एवं ज्ञानवर्धक बताते हुए इसकी सराहना की तथा प्राप्त अनुभवों और सीख को अपने कार्यस्थल पर व्यवहारिक रूप से लागू करने की प्रतिबद्धता व्यक्त की।
यह कार्यशाला मुख्य महाप्रबंधक (माइंस) श्री आर. बी. गहेरवार के मार्गदर्शन में आयोजित की गई। कार्यक्रम का समन्वयन महाप्रबंधक (प्रशिक्षण, सुरक्षा एवं पर्यावरण) श्री बीरेन्द्र कुमार द्वारा माइन वेस्टिब्यूल ट्रेनिंग सेंटर, राजहरा के माध्यम से किया गया। समापन अवसर पर प्रतिभागियों को प्रमाण-पत्र प्रदान किए गए





















