
Raipur chhattisgarh VISHESH / भिलाई इस्पात संयंत्र के नगर सेवाएं विभाग द्वारा महिला संविदा कर्मियों के स्वास्थ्य, सुरक्षा, कल्याण और कार्यस्थल पर उनके अधिकारों के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से मंगलवार को टाउनशिप सर्विसेज विभाग के कॉन्फ्रेंस हॉल में ‘नई चेतना’ जागरूकता एवं सशक्तिकरण कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ महाप्रबंधक प्रभारी (टाउनशिप सर्विसेज विभाग एवं कॉर्पोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व) श्री ए. बी. श्रीनिवास ने किया।
अपने संबोधन में श्री श्रीनिवास ने महिला संविदा कर्मियों द्वारा भिलाई टाउनशिप की स्वच्छता और सौंदर्यीकरण में निभाई जा रही महत्वपूर्ण भूमिका की सराहना की। उन्होंने कहा कि कार्य के दौरान सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देना आवश्यक है तथा सभी कर्मियों को निर्धारित सुरक्षा मानकों का पालन करना चाहिए।

I5H0.jpeg)
कार्यशाला में महिला स्वास्थ्य, पोषण, स्वच्छता, कानूनी अधिकार, उचित मजदूरी, सामाजिक सुरक्षा योजनाओं तथा कार्यस्थल पर महिलाओं के यौन उत्पीड़न (निवारण, प्रतिषेध एवं प्रतितोष) अधिनियम, 2013 (पॉश अधिनियम) से संबंधित विषयों पर विशेषज्ञों द्वारा विस्तृत जानकारी दी गई। अतिरिक्त मुख्य चिकित्सा अधिकारी (चिकित्सा एवं स्वास्थ्य सेवाएं) सुश्री शुभश्री प्रशांत ने महिला स्वास्थ्य, संतुलित पोषण और व्यक्तिगत स्वच्छता के महत्व पर प्रकाश डाला। वहीं, उप प्रबंधक (जनसंपर्क) सुश्री शालिनी चौरसिया ने पॉश अधिनियम के प्रमुख प्रावधानों और कार्यस्थल पर महिलाओं के अधिकारों की जानकारी दी। श्री राजेश मौर्य ने संविदा कर्मियों के कानूनी अधिकारों, उचित पारिश्रमिक और श्रम संबंधी प्रावधानों पर विस्तार से जानकारी साझा की।
कार्यक्रम के समापन सत्र में महाप्रबंधक (टाउनशिप सर्विसेज विभाग-लोक स्वास्थ्य अभियांत्रिकी) सुश्री के. सुपर्णा ने योग एवं ध्यान सत्र का संचालन किया, जिसमें महिला कर्मियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यशाला का संचालन उप प्रबंधक (मानव संसाधन, टाउनशिप सर्विसेज विभाग) सुश्री के. संगीता ने किया।कार्यशाला का उद्देश्य महिला संविदा कर्मियों को स्वास्थ्य, सुरक्षा और कानूनी अधिकारों के प्रति जागरूक बनाकर उनके आत्मविश्वास एवं कार्यस्थल पर सशक्त सहभागिता को बढ़ावा देना था।
*****
आरडीजे/बीकेटी





















