
उद्योगों में आकस्मिक मृत्यु मामलों को प्राथमिकता के आधार पर निपटाने और निष्क्रिय खातों के लाभार्थियों की पहचान कर भुगतान सुनिश्चित करने के निर्देश
जिला स्तर पर ‘निधि आपके निकट’ कार्यक्रम को और व्यापक बनाने पर बल
प्रविष्टि तिथि: 11 JUN 2026 5:48PM by PIB Raipur
कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (EPFO), क्षेत्रीय कार्यालय, छत्तीसगढ़ क्षेत्र के केंद्रीय न्यासी बोर्ड की ‘क्षेत्रीय समिति’ की 27वीं बैठक आज नया रायपुर स्थित महानदी भवन के सम्मेलन कक्ष में सफलतापूर्वक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता छत्तीसगढ़ सरकार के श्रम विभाग के सचिव श्री हिम शिखर गुप्ता ने की, जबकि बैठक का संचालन सचिव (क्षेत्रीय समिति) के रूप में क्षेत्रीय भविष्य निधि आयुक्त-I श्री जयवदन इंगले द्वारा किया गया। यह वैधानिक समिति राज्य में भविष्य निधि विनियमों के प्रभावी कार्यान्वयन और कामगारों के हितों के संरक्षण के लिए एक महत्वपूर्ण परामर्शदात्री निकाय के रूप में कार्य करती है।


बैठक के दौरान छत्तीसगढ़ में कर्मचारी भविष्य निधि संगठन के कार्य निष्पादन, भविष्य निधि अंशदाताओं एवं सदस्यों को सामाजिक सुरक्षा लाभ प्रदान करने की स्थिति तथा राज्य में भविष्य निधि अधिनियम के अनुपालन के संदर्भ में रायपुर कार्यालय की उपलब्धियों एवं भावी चुनौतियों पर विस्तृत चर्चा की गई। बैठक में उपस्थित सदस्यों के समक्ष क्षेत्रीय भविष्य निधि आयुक्त-II श्री गौरव डोगरा द्वारा एक विस्तृत पावर पॉइंट प्रस्तुति दी गई, जिसमें संगठन की हालिया प्रगति और रणनीतियों को रेखांकित किया गया।

श्रम विभाग के सचिव श्री हिम शिखर गुप्ता ने उद्योगों में होने वाली आकस्मिक मृत्यु के मामलों पर गहरी चिंता व्यक्त करते हुए निर्देश दिए कि कर्मचारी राज्य बीमा निगम (ESIC) के साथ मिलकर ऐसे मृत्यु प्रकरणों पर तत्काल प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई की जाए। इसके साथ ही, उन्होंने ईपीएफओ के निष्क्रिय पड़े खातों (Inoperative Accounts) के संबंध में कड़े निर्देश जारी करते हुए कहा कि ऐसे खातों के वास्तविक लाभार्थियों की पहचान कर उन्हें जल्द से जल्द भुगतान सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने छत्तीसगढ़ के सभी 33 जिलों में प्रत्येक माह की 27 तारीख को आयोजित होने वाले ‘निधि आपके निकट’ कार्यक्रम की पहुंच बढ़ाने के लिए जिला कलेक्टरों, ESIS, सहायक श्रम आयुक्त (ALC), केंद्रीय श्रम आयुक्त (CLC) और राज्य सरकार के संबंधित विभागों को भी इस अभियान में सक्रिय रूप से शामिल करने के निर्देश दिए।
क्षेत्रीय भविष्य निधि आयुक्त-I एवं सदस्य सचिव श्री जयवदन इंगले ने बैठक में कार्यालय द्वारा भविष्य निधि की व्याप्ति (कवरेज), न्यायालयीन प्रकरणों के त्वरित निपटान और भारत सरकार की बहुचर्चित ‘प्रधानमंत्री विकसित भारत रोजगार योजना’ की प्रगति की जानकारी दी। इसके साथ ही उन्होंने कर्मचारी पंजीकरण योजना 2025, प्रयास, तत्पर, कन्वर्जेंस बैठकों तथा नवीन साइट्स प्रोजेक्ट जैसी महत्वपूर्ण पहलों पर भी विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने उपस्थित नियोक्ता और कर्मचारी प्रतिनिधियों से अपील की कि वे अपने-अपने क्षेत्रों के भविष्य निधि सदस्यों और नियोक्ताओं को इन कल्याणकारी कार्यक्रमों में शामिल होने और अपनी समस्याओं का त्वरित समाधान पाने के लिए प्रोत्साहित करें। उन्होंने विश्वास जताया कि इस त्रिपक्षीय बैठक में हुई सार्थक चर्चा छत्तीसगढ़ के पात्र कामगारों और श्रमिकों को सामाजिक सुरक्षा लाभ प्रदान करने की दिशा में मील का पत्थर साबित होगी।
इस महत्वपूर्ण बैठक में उप केंद्रीय श्रम आयुक्त श्री बिधान चंद्र नायक, कर्मचारी राज्य बीमा निगम के उप निदेशक द्वय श्री एन.के. पटनायक एवं श्री रत्नेश राजन्या शामिल हुए। इसके अलावा नियोक्ता प्रतिनिधि के रूप में छत्तीसगढ़ उद्योग महासंघ के अध्यक्ष श्री महेश कक्कड़, उरला इंडस्ट्रीज एसोसिएशन के अध्यक्ष श्री अश्विन गर्ग तथा कर्मचारी प्रतिनिधियों के रूप में श्री राधेश्याम जायसवाल, श्री ईश्वर चंदेल, श्री शंखध्वनि सिंह एवं श्री एच.एस. मिश्रा ने भाग लिया। कर्मचारी भविष्य निधि संगठन, क्षेत्रीय कार्यालय रायपुर की ओर से क्षेत्रीय भ.नि. आयुक्त-I श्री जयवदन इंगले के साथ क्षेत्रीय भ.नि. आयुक्त-II श्री गौरव डोगरा, श्री देबाशीष चांद एवं सहायक भविष्य निधि आयुक्त श्री आकाश अग्रवाल भी बैठक में उपस्थित रहे।





















