



राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान रायपुर में क्रिकेट प्रीमियर लीग (CPL 3.0) का शुभारंभ 23 मई 2026 को उत्साह के साथ हुआ। इस टूर्नामेंट में चार प्रतिस्पर्धी टीमें एन आई टी थंडर, एन आई टी टाइटंस, एन आई टी वॉरियर्स और एन आई टी ब्लास्टर्स भाग ले रही हैं। प्रतियोगिता का आयोजन डबल लीग प्रारूप में किया जा रहा है, जिसमें प्रत्येक टीम लीग चरण में अन्य टीमों से दो-दो बार मुकाबला करेगी। लीग चरण के अंत में अंक तालिका में शीर्ष दो स्थान प्राप्त करने वाली टीमें भव्य फाइनल में प्रवेश करेंगी। टूर्नामेंट में कुल 13 मैच खेले जाएंगे।
उद्घाटन समारोह में संस्थान के कुलसचिव डॉ. एन. डी. लोंढे, छात्र कल्याण अधिष्ठाता डॉ. मनोज चोपकर, डॉ. एस. वी. देव, डॉ. आयुष खरे, डॉ. पवन मिश्रा तथा डॉ. एच. के. नारंग की गरिमामयी उपस्थिति रही। सभी अतिथियों ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए खेल भावना और आपसी सौहार्द की सराहना की। CPL 3.0 ने संस्थान के प्राध्यापकों, कर्मचारियों और पीएचडी शोधार्थियों को एक मंच पर लाकर फिट इंडिया, टीमवर्क और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा को बढ़ावा देने का कार्य किया है।

टूर्नामेंट का उद्घाटन मुकाबला एन आई टी थंडर और एन आई टी ब्लास्टर्स के बीच खेला गया, जिसमें एन आई टी थंडर ने 20 रनों से शानदार जीत दर्ज की। पहले बल्लेबाजी करते हुए एन आई टी थंडर ने 19 ओवर में 4 विकेट खोकर 141 रन बनाए। टीम की ओर से एसडीवीएसएस वर्मा सिरुवुरी ने 34 गेंदों में शानदार 43 रन बनाए, जबकि विवेक कुमार गाबा ने 29 और दीपक सिंह ने 19 रनों का योगदान दिया। लक्ष्य का पीछा करते हुए एन आई टी ब्लास्टर्स की टीम 20 ओवर में 8 विकेट पर 121 रन ही बना सकी। टीम की ओर से नईम अहमद ने 25 तथा भूषण भट्ट ने 20 रन बनाए। एन आई टी थंडर की ओर से मोहनिश कुमार साहू ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 3 ओवर में मात्र 11 रन देकर 2 विकेट हासिल किए। अन्य गेंदबाजों ने भी महत्वपूर्ण योगदान दिया। मोहनिश कुमार साहू को उनके हरफनमौला प्रदर्शन 16 रन और 2/11 की मैच जिताऊ गेंदबाजी के लिए ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ चुना गया।
आयोजकों ने प्रायोजकों बैंक ऑफ इंडिया, सुराना स्टोर्स और मधुर एंटरप्राइजेज के सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया, जिनके योगदान से इस आयोजन को सफलतापूर्वक संपन्न कराने में महत्वपूर्ण सहायता मिली।
आने वाले दिनों में रोमांचक मुकाबलों के साथ CPL 3.0 दर्शकों को शानदार क्रिकेट का आनंद प्रदान करेगा तथा खेल और मनोरंजन के माध्यम से एन आई टी रायपुर परिवार के सदस्यों के बीच आपसी संबंधों को और मजबूत बनाएगा।





















