











जनता के बीच पहुँची सरकार: समोदा शिविर में सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने मौके पर ही किया समस्याओं का निराकरण
अन्नप्राशन से आवास की चाबी तक: सुशासन तिहार में सैकड़ों हितग्राहियों को मिला योजनाओं का लाभ

समोदा में विकास घोषणाओं की सौगात: स्वास्थ्य केंद्र, सीसी रोड और आंगनबाड़ी भवन निर्माण को मिली मंजूरी*
Raipur chhattisgarh VISHESH / रायपुर 15 मई
छत्तीसगढ़ के कद्दावर नेता और रायपुर सांसद श्री बृजमोहन अग्रवाल ने आज विकासखंड आरंग के समोदा स्थित शासकीय स्वामी आत्मानंद स्कूल में आयोजित ‘सुशासन तिहार 2026’ के अंतर्गत विशाल जनसमस्या निवारण शिविर में शामिल होकर जनता की शिकायतों और आवेदनों का तत्काल निराकरण किया। साथ ही विभिन्न योजनाओं के हितग्राहियों को लाभान्वित किया।
जनता की सरकार, जनता के द्वार
शिविर को संबोधित करते हुए श्री बृजमोहन अग्रवाल ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की सरकार का मूल मंत्र ‘अंत्योदय’ है। उन्होंने जोर देकर कहा कि जब-जब कमल का फूल खिलता है, सरकार खुद चलकर जनता के पास आती है। सुशासन का अर्थ ही यही है कि आम आदमी को अपने छोटे-छोटे कामों के लिए दफ्तरों के चक्कर न काटने पड़ें, बल्कि प्रशासन उनकी चौखट पर खड़ा मिले।
लापरवाह अधिकारियों को कड़ी चेतावनी
कार्यक्रम के दौरान श्री अग्रवाल ने कड़े तेवर दिखाते हुए नायब तहसीलदार की जमकर फटकार लगाई।
नायब तहसीलदार के खिलाफ ग्रामीणों में गहरा आक्रोश था जिसकी शिकायत मिलने पर सांसद ने अधिकारियों को 3 दिन में प्रकरण बनाकर जांच करने के निर्देश दिए, उन्होंने दो टूक शब्दों में कहा, “जनता की समस्या का समाधान करना ही आपका प्राथमिक कर्तव्य है। अगर कोई काम नियमतः नहीं हो सकता, तो उसे स्पष्ट लिखित में दें, लेकिन जनता को अंधेरे में न रखें।”
विकास कार्यों की तत्काल घोषणा और निर्देश
सांसद ने जनहित में कई महत्वपूर्ण कदम उठाने के निर्देश दिए:समोदा में स्वीकृत प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र को 15 दिनों के भीतर अस्थायी भवन में शुरू करने के कड़े निर्देश दिए। साथ ही बनरसी में धान मंडी के लिए उपयुक्त स्थान का चयन ग्राम सभा के प्रस्ताव के आधार पर करने को कहा।
श्री बृजमोहन अग्रवाल ने ओलावृष्टि और बाढ़ राहत की रुकी हुई राशि का तत्काल भुगतान करने के निर्देश दिए।
उन्होंने महतारी वंदन योजना और गैस कनेक्शन के आवेदनों को लेने में आनाकानी करने वाले कर्मचारियों को सख्त हिदायत दी कि किसी भी पात्र हितग्राही का आवेदन रिजेक्ट नहीं होना चाहिए।
सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने वार्ड क्रमांक 9 में कैलाश सतनामी के खेत से लेकर रमेश सोनकर के खेत तक सीसी रोड का निर्माण के लिए सांसद निधि से 10 लाख रुपये देने की घोषणा की साथ ही आगनवाड़ी भवन निर्माण की घोषणा की।
सांसद बृजमोहन ने विभिन्न सरकारी योजनाओं के अंतर्गत हितग्राहियों को लाभान्वित किया गया*
सुशासन तिहार के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में सांसद श्री बृजमोहन अग्रवाल ने विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के हितग्राहियों को लाभान्वित करते हुए नवजात शिशुओं को अपने हाथों से अन्नप्राशन कराया तथा किशोरियों को हेल्थ किट वितरित की। इस दौरान प्रधानमंत्री आवास योजना शहरी 2.0 के अंतर्गत 52 हितग्राहियों को उनके नए आवास की चाबी सौंपी गई। उत्कृष्ट शैक्षणिक प्रदर्शन करने वाले कक्षा पांचवीं एवं आठवीं के मेधावी छात्र-छात्राओं को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। समाज कल्याण एवं श्रम विभाग के माध्यम से जरूरतमंदों को ई-श्रम कार्ड एवं भवन अनुज्ञा पत्र प्रदान किए गए, वहीं राजस्व विभाग द्वारा किसानों को किसान किताब तथा ग्रामीणों को आय प्रमाण पत्र वितरित किए गए। परिवहन विभाग की ओर से युवाओं को लर्निंग लाइसेंस सौंपे गए तथा उत्कृष्ट सेवाएं देने वाली आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं का सम्मान भी किया गया। कार्यक्रम में दिव्यांगजनों द्वारा ट्राइसाइकिल हेतु आवेदन प्रस्तुत किए जाने पर सांसद श्री अग्रवाल ने संबंधित अधिकारियों को एक सप्ताह के भीतर ट्राइसाइकिल उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
इस अवसर पर नगर पालिका आरंग के अध्यक्ष संदीप जैन, समोदा नगर पंचायत अध्यक्ष छोटेलाल सोनकर, देव कुमार साहू, कृष्ण कुमार भारद्वाज सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, एडिशनल कलेक्टर, एसडीएम और विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।





















