
प्रविष्टि तिथि: 29 APR 2026 6:41PM by PIB Raipur
विश्व इस्पात दिवस के अवसर पर स्टील अथॉरिटी ऑफ इंडिया लिमिटेड के सेफ्टी ऑर्गनाइजेशन रांची द्वारा आयोजित प्रतिष्ठित ‘हज़ान’ राष्ट्रीय प्रतियोगिता में भिलाई इस्पात संयंत्र ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए कार्यपालक तथा गैर-कार्यपालक, दोनों श्रेणियों में प्रथम स्थान प्राप्त कर उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की है। इस प्रतियोगिता में देशभर के विभिन्न इस्पात संयंत्रों से प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया और औद्योगिक सुरक्षा जागरूकता तथा परिचालन उत्कृष्टता का प्रदर्शन किया।


भिलाई इस्पात संयंत्र का प्रतिनिधित्व इस्पात गलन शाला–2 की टीमों ने किया। कार्यपालक श्रेणी में सहायक महाप्रबंधक श्री अरिंदम कर, वरिष्ठ प्रबंधक श्री के. पवन कुमार तथा सहायक प्रबंधक श्री सुमित कुमार की टीम ने सुरक्षा मानकों की गहन समझ, तकनीकी दक्षता और प्रभावी प्रतिक्रिया कौशल का प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान अर्जित किया।

इसी क्रम में गैर-कार्यपालक श्रेणी में श्री विनय, श्री शिव कुमार और श्री चंदन वर्मा की टीम ने उत्कृष्ट समन्वय तथा परिचालन कौशल का परिचय देते हुए शीर्ष स्थान हासिल किया, जिससे संयंत्र को प्रतियोगिता में दोहरी सफलता प्राप्त हुई।
इस उपलब्धि पर विजेता प्रतिभागियों को सम्मानित किया गया। संयंत्र प्रबंधन और सहकर्मियों ने टीमों की सराहना करते हुए इसे सुरक्षा संस्कृति को सुदृढ़ करने की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया। ‘हज़ान’ प्रतियोगिता इस्पात उद्योग में सुरक्षा मानकों को मजबूत करने और आपात स्थितियों के प्रति तत्परता विकसित करने की एक महत्वपूर्ण पहल के रूप में जानी जाती है।





















