
भारत के आर्थिक परिदृश्य में मत्स्य पालन क्षेत्र काफी महत्वपूर्ण है। यह राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा में योगदान देने के साथ-साथ तटीय, अंतर्देशीय और ग्रामीण समुदायों में लाखों लोगों की आजीविका का आधार भी है। हाल के वर्षों में, उत्पादन पर आधारित इस क्षेत्र में नवोन्मेषी विचारों के साथ उद्यमशीलता की प्रतिभाएं आने लगी हैं, जिससे मत्स्य पालन क्षेत्र में नए स्टार्टअप्स का एक बढ़ता हुआ परितंत्र विकसित हो रहा है।
वर्ष 2015 से, सरकार ने मत्स्य पालन और जलीय कृषि में सतत विकास को बढ़ावा देने के लिए विभिन्न पहलों और योजनाओं के माध्यम से 39,272 करोड़ रुपये का निवेश किया है। मत्स्य पालन क्षेत्र में तेजी से हो रहे इस विस्तार की वजह से 300 से अधिक मत्स्य पालन स्टार्टअप्स सामने आए हैं, जो उत्पादकता बढ़ाने, और मूल्य श्रृंखला दक्षता में सुधार करने वाले नवीन, व्यावसायिक रूप से व्यवहार्य समाधान विकसित करने के लिए ब्लॉकचेन, आईओटी और एआई का लाभ उठा रहे हैं। नवीन प्रौद्योगिकी समाधानों के माध्यम से मत्स्य पालन की मूल्य श्रृंखला चुनौतियों का समाधान करने के लिए समस्या कथनों का एक समूह निर्धारित किया गया है जो टिकाऊ स्रोतों से पौष्टिक और किफायती जलीय कृषि फ़ीड विकसित करने, एआई-संचालित सटीक खेती के माध्यम से जलीय कृषि स्थिरता को बढ़ाने, लचीली और समावेशी समुद्री खाद्य आपूर्ति श्रृंखलाओं का निर्माण करने, समुद्री खाद्य उद्योग में मूल्य को अधिकतम करते हुए अपशिष्ट को कम करने और टिकाऊ मत्स्य पालन के लिए पारंपरिक ज्ञान को आधुनिक प्रौद्योगिकी के साथ एकीकृत करने पर केंद्रित है।

भारत के मत्स्य पालन क्षेत्र में निगरानी, निर्णय लेने और कृषि दक्षता में सुधार के लिए ड्रोन तकनीक का तेजी से उपयोग किया जा रहा है। स्टार्टअप और अनुसंधान समूह तालाबों की त्वरित मैपिंग, जल गुणवत्ता मूल्यांकन, जैव द्रव्यमान अनुमान और शैवाल प्रस्फुटन या कम ऑक्सीजन वाले क्षेत्रों जैसी समस्याओं का शीघ्र पता लगाने के लिए ड्रोन का उपयोग कर रहे हैं। तटीय और समुद्री क्षेत्रों में, ड्रोन तटरेखा के पास निगरानी, मछली पकड़ने की गतिविधि की निगरानी और मछलियों के झुंड की आवाजाही के आकलन में सहायक होते हैं। भारत सरकार के मत्स्य विभाग ने जीवित मछलियों के परिवहन के लिए ड्रोन तकनीक विकसित करने हेतु आईसीएआर-सीआईएफआरआई को एक प्रायोगिक परियोजना सौंपी है ल उद्यमियों को एक साथ लाने और उन्हें क्षेत्रीय अवसरों का मजबूती से फायदा उठाने के लिए प्रोत्साहित करने हेतु, मत्स्य पालन विभाग ने मत्स्य पालन स्टार्टअप सम्मेलनों की एक श्रृंखला का आयोजन किया। इन आयोजनों ने उभरते समाधानों को प्रदर्शित करने, सहयोग को बढ़ावा देने और मत्स्य पालन मूल्य श्रृंखला में नवाचार को मजबूत करने के लिए रोडमैप तैयार करने हेतु एक मंच के रूप में कार्य किया।





















