






राष्ट्रीय प्रोद्योगिकी संस्थान रायपुर में अनंत्य 2026 के दूसरे दिन की शुरुआत ऊर्जा और उत्साह के साथ हुई। दिन की शुरुआत स्टार्टअप और उद्यमिता पर एक पैनल चर्चा से हुई, जिसमें छात्रों और उद्योग विशेषज्ञों ने नवाचार और वास्तविक दुनिया की चुनौतियों पर अपने विचार साझा किए।
दिन के पहले पैनल डिस्कशन सत्र में श्री अर्चित ओझा ने एआई और डेटा-आधारित उद्यमों में अपने अनुभव साझा करते हुए विश्वास और अनुकूलनशीलता के महत्व पर प्रकाश डाला। श्री मेघल अग्रवाल ने सीमित संसाधनों के साथ कॉलेज से ही अपने स्टार्टअप सफर की शुरुआत और प्रभावशाली उत्पाद बनाने की यात्रा पर चर्चा की। श्री रत्नेश मिश्रा ने स्पेसटेक में अपने अनुभव और भारत के पहले छात्र उपग्रह में योगदान का उल्लेख करते हुए सपनों और दृढ़ता की शक्ति पर जोर दिया। वहीं श्री हर्ष जैन ने स्वच्छ ऊर्जा क्षेत्र में अपने कार्य और वास्तविक समस्याओं के समाधान की आवश्यकता को रेखांकित किया।

इसके बाद चिरंजीवी फणिंद्र बी, जो कॉसमोसर्व स्पेस इंडिया प्राइवेट लिमिटेड के संस्थापक और इसरो के गगनयान मिशन के पूर्व उप परियोजना निदेशक रह चुके हैं, का एक प्रेरक वक्तव्य सत्र आयोजित किया गया। उन्होंने अंतरिक्ष प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में अपने अनुभव साझा करते हुए सैटेलाइट टकराव के जोखिम, स्पेस ट्रैफिक प्रबंधन और इन-ऑर्बिट सर्विसिंग जैसे महत्वपूर्ण विषयों को सरल उदाहरणों के माध्यम से समझाया। उन्होंने स्टारलिंक जैसे सिस्टम द्वारा किए जाने वाले टकराव-निवारण उपायों और सक्रिय मलबा हटाने की चुनौतियों पर भी चर्चा की। साथ ही, उन्होंने ‘मदरक्राफ्ट’ के जरिए ईंधन भरने जैसी उभरती तकनीकों और अंतरिक्ष स्थिरता से जुड़े मुद्दों पर भी प्रकाश डाला।
एक अन्य पैनल चर्चा, जिसका संचालन श्री पवन कटारिया ने किया, जिसमें छत्तीसगढ़ के प्रमुख उद्यमियों ने भाग लिया। श्री ध्रुव गोयल ने स्टीलमिंट से बिगमिंट तक की अपनी यात्रा साझा की। कनिका सिंह चोपड़ा ने कॉर्पोरेट क्षेत्र से उद्यमिता की ओर अपने बदलाव और आयुर्वेदिक उत्पादों के विकास पर चर्चा की। श्री लब्धि चोपड़ा ने ग्राहक विश्वास के महत्व को रेखांकित किया, जबकि श्री विजय रेलवानी ने इलेक्ट्रिक वाहनों के बढ़ते प्रभाव और वास्तविक समस्याओं के समाधान को प्राथमिकता देने की बात कही। श्री जीवी हिमांशु ने स्टार्टअप के शुरुआती चरण में सप्लाई चेन प्रबंधन की अहमियत पर जोर दिया।
इन सत्रों के अलावा, दिनभर परिसर में विभिन्न तकनीकी और उद्यमिता आधारित कार्यक्रमों का आयोजन किया गया।, इनोवेशन एक्सपो, रोबोरेस और विज्ञान जैसे आयोजनों ने प्रतिभागियों को व्यावहारिक सीखने और समस्या समाधान का अवसर दिया। वहीं बिज-रेस्क्यू, आइडियाथॉन, स्ट्रेटेजिका और बी-मॉडल के फाइनल राउंड्स ने छात्रों को अपनी व्यावसायिक समझ और नवाचारी सोच प्रदर्शित करने का मंच प्रदान किया। रोबो सॉकर और टेरेन ट्रेडर जैसे कार्यक्रमों ने प्रतिस्पर्धा और उत्साह को और बढ़ाया।
इन सभी आयोजनों ने अनंत्य 2026 के उस उद्देश्य को साकार किया, जो नवाचार, सहयोग और अनुभवात्मक शिक्षा को बढ़ावा देना है। दूसरे दिन ने सफलतापूर्वक इस उत्सव की भावना को और मजबूत किया, जो छात्रों में रचनात्मकता, तकनीकी उत्कृष्टता और उद्यमिता की सोच को प्रोत्साहित करता है।









