


Raipur chhattisgarh VISHESH राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (एनआईटी) रायपुर के विद्युत अभियांत्रिकी विभाग द्वारा 20 फरवरी 2026 को “इमर्जिंग टेक्नोलॉजीज़ एंड एप्लिकेशंस इन इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग” (ICETAEE–2026) के तृतीय अंतर्राष्ट्रीय सम्मेलन का समापन समारोह आयोजित किया गया।
समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में डॉ. एन. डी. लोंढे, कुलसचिव, एनआईटी रायपुर मौजूद रहे | इस दौरान डॉ. सचिन जैन, कांफ्रेंस चेयर व विभागाध्यक्ष, विद्युत अभियांत्रिकी विभाग की भी गरिमामयी उपस्थिति रही। इस अवसर पर सम्मेलन के आयोजन सचिव डॉ. बैद्यनाथ बाग, डॉ. डी. सुरेश, डॉ. चिलका रंगा एवं डॉ. राजन कुमार सहित संकाय सदस्य, प्रतिभागी एवं छात्र-छात्राएँ उपस्थित रहे।

डॉ. राजन कुमार ने सभा को संबोधित करते हुए दो दिवसीय सम्मेलन की रूपरेखा एवं प्रमुख गतिविधियों की संक्षिप्त जानकारी दी। सम्मेलन के दौरान विद्युत अभियांत्रिकी के क्षेत्र में उभरती तकनीकों और नवीन शोध प्रवृत्तियों पर केंद्रित तीन मुख्य वक्ता सत्र (कीनोट सेशन) आयोजित किए गए, जिनमें विशेषज्ञों ने अपने विचार साझा किए।
डॉ. एन. डी. लोंढे ने अपने संबोधन में विभाग की निरंतर उत्कृष्टता, सशक्त शोध संस्कृति तथा सम्मेलनों के सफल आयोजन के साथ-साथ उल्लेखनीय प्रकाशनों और पेटेंट उपलब्धियों की सराहना की। उन्होंने कहा कि सम्मेलन में हुए शैक्षणिक विमर्श से सभी प्रतिभागियों को महत्वपूर्ण लाभ मिला होगा,साथ ही उन्होंने सभी प्रतिभागियों को उनके मूल्यवान योगदान के लिए धन्यवाद दिया और आयोजन टीम के समर्पित प्रयासों की सराहना की।
इसके पश्चात विभिन्न तकनीकी सत्रों में उत्कृष्ट शोध पत्र प्रस्तुत करने वाले प्रतिभागियों को “सर्वश्रेष्ठ शोध पत्र” पुरस्कार प्रदान किए गए। कार्यक्रम के अंत में डॉ. चिलका रंगा ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत करते हुए सम्मेलन की सफलता में योगदान देने वाले सभी व्यक्तियों के प्रति आभार व्यक्त किया।








