

प्रविष्टि तिथि: 04 FEB 2026 6:21PM by PIB Raipur
सेल–भिलाई इस्पात संयंत्र के राजहरा माइंस चिकित्सालय में 20वां एक दिवसीय निःशुल्क व्यापक स्वास्थ्य शिविर सफलतापूर्वक आयोजित किया गया। शिविर में चिकित्सा एवं स्वास्थ्य सेवाएं विभाग के वरिष्ठ चिकित्सकों और विशेषज्ञों द्वारा स्थानीय समुदाय को व्यापक एवं गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई गईं। इस पहल का उद्देश्य चिकित्सकीय परामर्श के साथ-साथ स्थानीय नागरिकों की विविध स्वास्थ्य आवश्यकताओं को पूरा करने के लिए विभिन्न विशेषज्ञ सेवाओं को एक ही मंच पर उपलब्ध कराना था।

एक दिवसीय शिविर के दौरान 590 से अधिक रोगियों को चिकित्सकीय परामर्श प्रदान किए गए। इसके अतिरिक्त विभिन्न नैदानिक जांच एवं उपचार किए गए, जिनमें 20 इंट्राआर्टिकुलर इंजेक्शन तथा 05 प्लास्टर लगाए गए। शिविर के माध्यम से स्थानीय समुदाय को उल्लेखनीय स्वास्थ्य लाभ प्राप्त हुआ।

मुख्य चिकित्सा अधिकारी (चिकित्सा एवं स्वास्थ्य सेवाएं) डॉ. कौशलेंद्र ठाकुर के नेतृत्व में संयंत्र के चिकित्सा एवं स्वास्थ्य सेवाएं विभाग की टीम ने शिविर का संचालन किया। शिविर में विशेषज्ञ चिकित्सकों में डॉ. सौरभ मुखर्जी (मेडिसिन), डॉ. पी. मर्सी (चर्म रोग), डॉ. नीना गुहा (प्रसूति एवं स्त्री रोग), डॉ. जयिता सरकार (पेन मैनेजमेंट क्लिनिक), डॉ. इमैनुएल मैसी (अस्थि रोग), डॉ. दीपाली गुप्ता (नेत्र रोग), डॉ. वनिता शर्मा (दंत रोग), डॉ. धीरज शर्मा (जनरल सर्जरी), डॉ. प्रियंका शिलिंग शिवप्पा (कान, नाक एवं गला रोग) तथा डॉ. सुभास्मिता पट्टनायक (बाल रोग) सहित कई वरिष्ठ चिकित्सक शामिल रहे।

इसके साथ ही जूनियर मैनेजर श्री जितेंद्र अजमेरा एवं श्रीमती सुनीता पांडे, नर्सिंग स्टाफ श्रीमती सुरजा जयप्रसाद, जूनियर मेडिकल टेक्नोलॉजिस्ट (फिजियोथेरेपी) श्री विकास पांडे, डिप्लोमेट ऑफ नेशनल बोर्ड (अस्थि रोग) डॉ. सरिपुत्त अम्बाडे, डिप्लोमेट ऑफ नेशनल बोर्ड (प्रसूति एवं स्त्री रोग) डॉ. साध्वी, डिप्लोमेट ऑफ नेशनल बोर्ड (नेत्र रोग) डॉ. कल्याणी तथा जूनियर मेडिकल टेक्नोलॉजिस्ट श्री कलोल मैती सहित जवाहरलाल नेहरू चिकित्सालय एवं अनुसंधान केंद्र, सेक्टर-9, भिलाई के अधिकारी एवं कर्मचारियों ने अपनी सेवाएं प्रदान कीं। राजहरा माइंस चिकित्सालय के तात्कालीन सीनियर कंसल्टेंट एवं प्रभारी डॉ. मनोज डहरवाल तथा अस्पताल की टीम का योगदान भी उल्लेखनीय रहा।
शिविर के दौरान रोगियों को विभिन्न बीमारियों एवं स्वास्थ्य समस्याओं के लिए परामर्श, जांच और उपचार उपलब्ध कराए गए। इसके साथ-साथ स्वास्थ्य जागरूकता सत्रों का आयोजन भी किया गया, जिसमें रोगियों को निवारक उपायों तथा स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के संबंध में जानकारी दी गई।
यह निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर कार्यपालक निदेशक (खदान) एवं मुख्य खान श्रम अधिकारी श्री कमल भास्कर, मुख्य चिकित्सा अधिकारी प्रभारी (चिकित्सा एवं स्वास्थ्य सेवाएं) डॉ. विनीता द्विवेदी, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. कौशलेंद्र ठाकुर एवं डॉ. उदय कुमार के मार्गदर्शन में आयोजित किया गया। शिविर के सफल संचालन में राजहरा माइंस के मुख्य महाप्रबंधक श्री आर. बी. गहरवार, मानव संसाधन अधिकारी श्री तुषार राय चौधरी सहित राजहरा माइंस चिकित्सालय के समस्त कर्मचारियों का सराहनीय सहयोग रहा।
इस आयोजन के माध्यम से सेल–भिलाई इस्पात संयंत्र ने सामुदायिक स्वास्थ्य, सामाजिक उत्तरदायित्व और जनकल्याण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को एक बार फिर सुदृढ़ किया।








