
कलाकारों की प्रस्तुति और रैली के माध्यम से ग्रामीणों को दिया गया ‘स्वच्छ भारत-स्वस्थ भारत’ का संदेश
प्रविष्टि तिथि: 23 JAN 2026 6:15PM by PIB Raipur

Raipur chhattisgarh VISHESH भारत सरकार के सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय के अधीन केंद्रीय संचार ब्यूरो , क्षेत्रीय कार्यालय जगदलपुर द्वारा आज बस्तर जिले के बकावंड ब्लॉक अंतर्गत ग्राम ईरिकपाल में ‘स्वच्छता पखवाड़ा’ के तहत विशेष जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम के माध्यम से ग्रामीणों और विद्यार्थियों को स्वच्छता के प्रति प्रेरित करने हेतु गीत-संगीत, नाटक, रैली और संगोष्ठी जैसे विविध माध्यमों का सहारा लिया गया।

कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ ग्राम सरपंच श्री संतोष कुमार कश्यप, शासकीय हाई स्कूल की प्राचार्या श्रीमती मीना जाधव, यूनिसेफ जिला समन्वयक श्री सुधांशु पांडे और स्वास्थ्य विभाग के श्री सौरभ गौर की गरिमामयी उपस्थिति में हुआ। कार्यक्रम के दौरान विशेषज्ञों ने स्वच्छता को जीवन शैली का हिस्सा बनाने पर जोर दिया।

छत्तीसगढ़ शासन के स्वास्थ्य विभाग के सुपरवाइजर श्री सौरभ गौर ने स्वच्छ भारत अभियान की बारीकियों से अवगत कराया, वहीं यूनिसेफ के जिला समन्वयक श्री सुधांशु पांडे ने कहा कि “व्यवहार में परिवर्तन लाकर ही हम स्वस्थ भारत के सपने को साकार कर सकते हैं।” उन्होंने हाथ धोने की सही विधि और प्लास्टिक के उपयोग को पूरी तरह बंद करने पर विस्तार से जानकारी साझा की। ग्राम सरपंच और प्राचार्या ने भी अपने संबोधन में स्वच्छता को सामुदायिक जिम्मेदारी बताया।

जन-जागरूकता के लिए ग्राम में एक विशाल रैली निकाली गई, जिसे सरपंच श्री संतोष कुमार कश्यप ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इसके साथ ही बस्तर विकास एवं सेवा संस्थान, कोंडागांव के 10 कलाकारों ने मनोरंजन और ज्ञानवर्धक प्रस्तुतियों के जरिए स्वच्छता का संदेश दिया। विद्यार्थियों के लिए आयोजित चित्रकला प्रतियोगिता में सिकंदर ने प्रथम, आयुषी ने द्वितीय और लता ने तृतीय स्थान प्राप्त किया, जिन्हें विभाग द्वारा पुरस्कृत किया गया।

इस पूरे कार्यक्रम का सफल और मनोरंजनात्मक संचालन वरिष्ठ साहित्यकार श्री शशांक श्रीधर शेन्डे द्वारा किया गया। कार्यक्रम के अंत में प्रभारी श्री बी.एस. ध्रुव ने सभी अतिथियों और उपस्थित ग्रामीण जन एवं छात्र-छात्राओं का आभार व्यक्त किया।








