

किसानों एवं उत्पादक संगठनों को सशक्त बनाने तथा छत्तीसगढ़ के कृषि निर्यात को प्रोत्साहित करने की पहल
Raipur chhattisgarh VISHESH छत्तीसगढ़ को कृषि एवं प्रसंस्कृत खाद्य उत्पादों के निर्यात के एक प्रमुख केंद्र के रूप में स्थापित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए कृषि एवं प्रसंस्कृत खाद्य उत्पाद निर्यात विकास प्राधिकरण (एपीडा) के क्षेत्रीय कार्यालय का उद्घाटन रायपुर में किया गया। यह उद्घाटन छत्तीसगढ़ में आयोजित द्वितीय इंडिया इंटरनेशनल राइस समिट के दौरान संपन्न हुआ। कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ सरकार के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री तथा चिकित्सा शिक्षा मंत्री श्री श्याम बिहारी जायसवाल सहित अन्य गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे।
समृद्ध एवं विविध कृषि-परिस्थितिकी तंत्र से संपन्न छत्तीसगढ़ में अनेक उत्पादों के निर्यात की व्यापक संभावनाएँ हैं। इनमें उच्च गुणवत्ता वाली नॉन-बासमती धान की किस्में तथा भौगोलिक संकेतक (जीआई) टैग प्राप्त उत्पाद जैसे जीराफूल चावल और नागरी दुबराज चावल शामिल हैं। इसके अलावा राज्य में अमरूद, केला, ड्रैगन फ्रूट, कटहल, सीताफल, टमाटर और खीरा जैसी विभिन्न फल एवं सब्जियाँ, साथ ही महुआ, इमली, औषधीय एवं जड़ी-बूटी पौधों जैसे महत्वपूर्ण लघु वनोपज का उत्पादन होता है, जो वैश्विक बाजारों में राज्य की उपस्थिति बढ़ाने के लिए सशक्त अवसर प्रदान करते हैं।
रायपुर में एपीडा के क्षेत्रीय कार्यालय की स्थापना छत्तीसगढ़ की कृषि अर्थव्यवस्था के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है। यह कार्यालय किसानों, उत्पादक समूहों, सहकारी संस्थाओं और निर्यातकों को निर्यात पंजीकरण, परामर्श सेवाएँ, बाजार खुफिया जानकारी, प्रमाणन सहायता, निर्यात सुविधा, अवसंरचना विकास तथा बाजार संपर्क जैसी सेवाएँ उपलब्ध कराएगा। हाल ही में रायपुर स्थित एपीडा क्षेत्रीय कार्यालय ने छत्तीसगढ़ से कोस्टा रिका और पापुआ न्यू गिनी को फोर्टिफाइड राइस कर्नेल्स के निर्यात को भी सफलतापूर्वक सुगम बनाया है।
इस अवसर पर संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने कहा कि रायपुर में एपीडा के क्षेत्रीय कार्यालय का उद्घाटन छत्तीसगढ़ के किसानों को वैश्विक अर्थव्यवस्था से जोड़ने का एक मिशन है। उन्होंने राज्य के किसानों, निर्यातकों और उद्यमियों की वैश्विक कृषि बाजारों में अपार संभावनाओं को रेखांकित करते हुए विश्वास व्यक्त किया कि छत्तीसगढ़ उच्च मूल्य एवं सतत कृषि निर्यात में अग्रणी राज्य के रूप में उभरेगा। उन्होंने राज्य सरकार के अनुरोध पर छत्तीसगढ़ में एपीडा कार्यालय को स्वीकृति देने के लिए केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री श्री पीयूष गोयल का आभार व्यक्त किया तथा एपीडा और वाणिज्य विभाग को राज्य से कृषि एवं जैविक उत्पादों के निर्यात विस्तार में पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया।
एपीडा के क्षेत्रीय कार्यालय का उद्घाटन छत्तीसगढ़ राइस एक्सपोर्टर्स एसोसिएशन द्वारा एपीडा एवं अन्य संगठनों के सहयोग से आयोजित इंडिया इंटरनेशनल राइस समिट के दूसरे संस्करण के दौरान किया गया। इसी अवसर पर चावल निर्यात पर आयोजित दो दिवसीय ‘चिंतन शिविर’ का भी समापन हुआ, जिसमें जैविक चावल के निर्यात संवर्धन तथा नॉन-बासमती चावल, विशेषकर जीआई-टैग प्राप्त चावल किस्मों के निर्यात को बढ़ावा देने के उपायों पर केंद्रित सत्र आयोजित किए गए।









