

प्रविष्टि तिथि: 01 JAN 2026 6:33PM by PIB Raipur
सेल–भिलाई इस्पात संयंत्र के निदेशक प्रभारी श्री चित्त रंजन महापात्र ने 01 जनवरी 2026 को इस्पात भवन परिसर में सुरक्षा ध्वज फहराकर संयंत्र बिरादरी को नववर्ष की हार्दिक शुभकामनाएँ दीं तथा ‘सुरक्षा जागरूकता माह–2026’ का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने अधिकारियों, कर्मचारियों एवं ठेका श्रमिकों से सुरक्षा को अपने दैनिक कार्य व्यवहार का अभिन्न अंग बनाने का आह्वान किया। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि किसी भी परिस्थिति में उत्पादन से अधिक महत्वपूर्ण मानव जीवन है।


इस अवसर पर निदेशक प्रभारी एवं कार्यपालक निदेशकों द्वारा सुरक्षा ऑडिट शेड्यूल वार्षिक कैलेंडर–2026 का विमोचन किया गया। साथ ही कैलेंडर में चित्रित सुरक्षा पोस्टरों के कलाकारों से भेंट कर उनके योगदान की सराहना की गई। उल्लेखनीय है कि भिलाई इस्पात संयंत्र में प्रतिवर्ष जनवरी माह को ‘सुरक्षा जागरूकता माह’ के रूप में मनाया जाता है।

ध्वजारोहण के पश्चात महाप्रबंधक (सुरक्षा अभियांत्रिकी विभाग) श्री एस. सुनोव द्वारा उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को सुरक्षा शपथ दिलाई गई, जिसमें सभी ने सुरक्षित कार्य प्रणाली अपनाने, दुर्घटनाओं की रोकथाम तथा सुरक्षा नियमों एवं मानकों के पालन का संकल्प लिया।
अपने संबोधन में निदेशक प्रभारी श्री चित्त रंजन महापात्र ने कहा कि संयंत्र के विभिन्न विभागों, इकाइयों एवं परियोजना क्षेत्रों में कार्यरत सभी नियमित एवं ठेका श्रमिकों की सुरक्षा हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि सजगता, अनुशासन और सतर्कता ही संयंत्र की मजबूत सुरक्षा संस्कृति का आधार है। दुर्घटना मुक्त उत्पादन के लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए “सुरक्षा संस्कृति—सुरक्षा आज, कल और अनवरत” के सिद्धांत को आत्मसात करना आवश्यक है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि भिलाई इस्पात संयंत्र की पूरी बिरादरी सुरक्षा एवं स्वास्थ्य मानकों का पालन करते हुए दुर्घटना रहित उत्पादन के लक्ष्य को प्राप्त करने में सफल होगी।

इस अवसर पर कार्यपालक निदेशक (सामग्री प्रबंधन) श्री अजय कुमार चक्रवर्ती, कार्यपालक निदेशक (वित्त एवं लेखा) श्री प्रवीण निगम, कार्यपालक निदेशक (मानव संसाधन) श्री पवन कुमार, कार्यपालक निदेशक (परियोजनाएं) श्री पी. के. सरकार, कार्यपालक निदेशक (संकार्य) श्री राकेश कुमार, कार्यपालक निदेशक (मुख्य खान श्रम अधिकारी–खदान) श्री कमल भास्कर, कार्यपालक निदेशक (मुख्य खान श्रम अधिकारी–रावघाट) श्री अरुण कुमार, मुख्य चिकित्सा अधिकारी प्रभारी (चिकित्सा एवं स्वास्थ्य सेवाएं) डॉ. विनीता द्विवेदी सहित विभिन्न विभागों के मुख्य महाप्रबंधक प्रभारी, मुख्य महाप्रबंधक, वरिष्ठ अधिकारी, कर्मचारी तथा श्रमिक संगठनों के पदाधिकारी एवं प्रतिनिधिगण उपस्थित थे।
इसी क्रम में कार्यपालक निदेशक (संकार्य) श्री राकेश कुमार ने मुख्य महाप्रबंधक प्रभारी (लौह) श्री तापस दासगुप्ता एवं वरिष्ठ अधिकारियों की उपस्थिति में संयंत्र भवन में सुरक्षा ध्वज फहराया और सभी कर्मचारियों से सुरक्षित कार्य करने का आग्रह किया। इस अवसर पर सुरक्षा शपथ भी दिलाई गई।इसके पश्चात सुरक्षा अभियांत्रिकी विभाग में मुख्य महाप्रबंधक (सुरक्षा एवं अग्निशमन सेवाएँ) श्री डी. सतपथी द्वारा सुरक्षा ध्वज फहराया गया। उन्होंने अपने संदेश में दुर्घटनाओं में कमी लाने, संवेदनशील क्षेत्रों में नियमित सुरक्षा निरीक्षण तथा सुरक्षा निर्देशों के अक्षरशः पालन पर विशेष जोर दिया।
कार्यक्रम का संचालन सहायक प्रबंधक (सुरक्षा अभियांत्रिकी विभाग) श्री वेंकटपति राजू ने किया तथा धन्यवाद ज्ञापन महाप्रबंधक (सुरक्षा अभियांत्रिकी विभाग) श्री राजेन्द्र कुमार द्वारा प्रस्तुत किया गया। इस अवसर पर जानकारी दी गई कि सुरक्षा जागरूकता माह के अंतर्गत जनवरी माह में संयंत्र स्तर पर विभिन्न विभागों में अनेक सुरक्षा प्रशिक्षण, जागरूकता कार्यक्रम एवं गतिविधियाँ आयोजित की जाएंगी। माह के अंत में नेहरू आर्ट गैलरी, सिविक सेंटर, भिलाई में सुरक्षा विषयक प्रदर्शनी का आयोजन भी प्रस्तावित है।








