

कैबिनेट मंत्री गुरु खुशवंत साहेब जी की पहल पर ₹1815.98 लाख की सड़क परियोजना को मंजूरी
आरंग क्षेत्र को विकास की बड़ी सौगात, गुरु खुशवंत साहेब जी के नेतृत्व में सड़क एवं पुल निर्माण स्वीकृत

छत्तीसगढ़ सरकार ने आरंग के समोदा–बनरसी मार्ग की चौड़ीकरण एवं मजबूतीकरण कार्य को दी प्रशासनिक स्वीकृति
Raipur chhattisgarh VISHESH आरंग/रायपुर। छत्तीसगढ़ सरकार के लोक निर्माण विभाग द्वारा वित्तीय वर्ष 2025–26 के बजट अंतर्गत जिला रायपुर में स्थित (आरंग) समोदा–बनरसी–तुलसी मार्ग के चौड़ीकरण एवं मजबूतीकरण कार्य सहित मार्ग में प्रस्तावित पुल–पुलिया निर्माण हेतु ₹1815.98 लाख (अठारह करोड़ पंद्रह लाख अट्ठानवे हजार रुपये) की प्रशासनिक स्वीकृति प्रदान की गई है। यह स्वीकृति राज्य शासन द्वारा लोक निर्माण विभाग को जारी आदेश के माध्यम से दी गई है, जिसके अंतर्गत 8.20 किलोमीटर लंबाई के इस महत्वपूर्ण मार्ग को आधुनिक मानकों के अनुरूप विकसित किया जाएगा। कार्य पूर्ण होने के पश्चात क्षेत्र में यातायात व्यवस्था सुदृढ़ होगी, सड़क सुरक्षा में उल्लेखनीय सुधार होगा तथा ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों के बीच आवागमन और आर्थिक गतिविधियों को नई गति मिलेगी। छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा स्वीकृत यह परियोजना क्षेत्रीय विकास की दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण मानी जा रही है। यह मार्ग स्थानीय नागरिकों, किसानों, व्यापारियों, विद्यार्थियों तथा दैनिक आवागमन करने वाले लोगों के लिए सुगम, सुरक्षित एवं टिकाऊ परिवहन सुविधा उपलब्ध कराएगा। इस महत्वपूर्ण विकास कार्य की स्वीकृति में छत्तीसगढ़ सरकार के साथ-साथ कैबिनेट मंत्री एवं आरंग विधायक माननीय गुरु खुशवंत साहेब जी के सतत प्रयासों, प्रभावी अनुशंसा एवं सक्रिय मार्गदर्शन की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। मंत्री गुरु खुशवंत साहेब जी द्वारा क्षेत्र की अधोसंरचना आवश्यकताओं को शासन स्तर पर लगातार प्राथमिकता के साथ रखा गया, जिसके परिणामस्वरूप यह बहुप्रतीक्षित कार्य स्वीकृत हुआ।प्रशासनिक स्वीकृति आदेश में यह स्पष्ट किया गया है कि निर्माण कार्य निर्धारित तकनीकी मानकों, गुणवत्ता नियंत्रण, पारदर्शी निविदा प्रक्रिया, वित्तीय अनुशासन तथा निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूर्ण किया जाएगा। साथ ही यह भी सुनिश्चित किया गया है कि कार्य में प्रयुक्त सामग्री एवं निर्माण गुणवत्ता में किसी भी प्रकार की लापरवाही न हो।
इस परियोजना के क्रियान्वयन से क्षेत्र में सड़क नेटवर्क सुदृढ़ होगा, दुर्घटनाओं में कमी आएगी तथा आवागमन अधिक सुरक्षित और सुविधाजनक बनेगा। इसके अतिरिक्त, विकास कार्यों से स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर भी सृजित होंगे।आरंग–समोदा–बनरसी–तुलसी क्षेत्र के नागरिकों ने इस महत्वपूर्ण विकासात्मक सौगात के लिए छत्तीसगढ़ सरकार एवं माननीय मंत्री गुरु खुशवंत साहेब जी के प्रति हर्ष व्यक्त करते हुए आभार जताया है।








