

प्रविष्टि तिथि: 16 DEC 2025 3:26PM by PIB Raipur
गवर्नमेंट ई मार्केटप्लेस (जेम) द्वारा छत्तीसगढ़ के खरीदारों और विक्रेताओं के लिए “जेम एक्सीलेंस समिट 2025” का आयोजन 19 दिसंबर 2025, पीडब्ल्यूडी सर्किट हाउस, रायपुर में किया जा रहा है।
इस समिट का उद्देश्य राज्य के सभी विभागों में डिजिटल सार्वजनिक खरीद की क्षमता को मजबूत करना और खरीदार संगठनों को जेम के ईकोसिस्टम, प्रमुख सुविधाओं और वर्कफ़्लो का अधिक प्रभावी और दक्ष उपयोग करने में सक्षम बनाना है।

समिट में राज्य के विक्रेताओं और सेवा प्रदाताओं के लिए उपलब्ध विविध अवसरों को विस्तार से साझा किया जाएगा। इस अवसर के माध्यम से वे स्थानीय इकाइयों से लेकर राष्ट्रीय स्तर तक के खरीदार संगठनों तक एक ही डिजिटल प्लेटफ़ॉर्म पर सरलता और पारदर्शिता के साथ पहुँच बना सकेंगे।
हाल ही में जेम द्वारा काशन मनी की समाप्ति और वेंडर असेसमेंट शुल्क में कमी ने सूक्ष्म एवं लघु उद्यमों, महिला उद्यमियों, स्टार्टअप्स, कारीगरों और SC/ST उद्यमियों की भागीदारी में उल्लेखनीय बढ़ोतरी की है। इन कदमों ने सार्वजनिक खरीद प्रक्रिया को पहले की तुलना में कहीं अधिक सुलभ, पारदर्शी और अवसरों को सृजन करने वाला बनाया है। यह परिवर्तन विकसित भारत 2047 और आत्मनिर्भर भारत की दिशा में एक महत्वपूर्ण प्रगति को दर्शाता है।
समिट के संबंध में जेम के मुख्य कार्यकारी अधिकारी श्री मिहिर कुमार ने कहा कि यह कार्यक्रम राज्य के खरीदारोम एवं विक्रेताओं के लिए नई सुविधाओं को समझने, संचालन प्रक्रियाओं पर स्पष्टता प्राप्त करने तथा रचनात्मक सुझाव साझा करने का एक सशक्त मंच प्रदान करेगा। उनके अनुसार, यह समिट छत्तीसगढ़ को पारदर्शी, प्रतिस्पर्धी और दक्ष सार्वजनिक खरीद के क्षेत्र में नए मानक स्थापित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
छत्तीसगढ़ द्वारा जेम के माध्यम से अब तक ₹6,408 करोड़ से अधिक मूल्य की वस्तुएँ और सेवाएँ खरीदी जा चुकी हैं। इनमें से ₹2,600 करोड़ की खरीद छत्तीसगढ़ के सूक्ष्म एवं लघु उद्यमों से हुई है, जो राज्य की समावेशी खरीद के प्रति दृढ़ प्रतिबद्धता को दर्शाती है।
जेम ने राज्य में खरीद प्रक्रिया को तेज़ बनाने, प्रतिस्पर्धा बढ़ाने, पूरे देश के बाज़ार तक पहुँच उपलब्ध कराने और हर खरीद फैसले को पूरी तरह पारदर्शी बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।
जेम छत्तीसगढ़ सरकार के साथ मिलकर डिजिटल गवर्नेंस और समावेशी खरीद प्रक्रियाओं को मजबूत करने के लिए लगातार सहयोग कर रहा है।








