

केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू ने वितरित किए नियुक्ति पत्र, प्रधानमंत्री मोदी ने वर्चुअल माध्यम से युवाओं को दी शुभकामनाएँ
प्रविष्टि तिथि: 24 OCT 2025 4:46PM by PIB Raipur
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में चल रहे रोजगार सृजन अभियान के तहत आज देशभर में 40 स्थानों पर एक साथ आयोजित 17वें रोजगार मेला (Rozgar Mela) के दौरान राजधानी रायपुर में आयोजित कार्यक्रम में 95 चयनित युवाओं को नियुक्ति पत्र प्रदान किए गए। यह कार्यक्रम अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (AIIMS) रायपुर के सभागार में आयोजित किया गया, जिसकी मेजबानी छत्तीसगढ़ डाक मंडल (Chhattisgarh Postal Circle) ने की।


इस अवसर पर केंद्रीय राज्य मंत्री (गृह एवं शहरी कार्य मंत्रालय) श्री तोखन साहू ने चयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र प्रदान किए। कार्यक्रम में श्री मोतीलाल साहू, विधायक रायपुर ग्रामीण, श्री सुवेंदु स्वैन, मुख्य पोस्ट मास्टर जनरल (छत्तीसगढ़ परिमंडल) तथा लेफ्टिनेंट जनरल (सेवानिवृत्त) अशोक जिंदल, कार्यकारी निदेशक, एम्स रायपुर सहित अनेक अधिकारी एवं गणमान्य उपस्थित रहे।

रायपुर के इस रोजगार मेले में 7 केंद्रीय विभागों — डाक विभाग, गृह मंत्रालय (सीआरपीएफ), रेल मंत्रालय, एम्स रायपुर, वित्तीय सेवा विभाग/एसएलबीसी, भारतीय खाद्य निगम तथा भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण — के अंतर्गत चयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र दिए गए। इनमें से 54 उम्मीदवार छत्तीसगढ़ राज्य से तथा शेष अन्य राज्यों से हैं।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वर्चुअल माध्यम से देशभर के चयनित युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि यह रोजगार मेला देश के युवाओं को “आत्मनिर्भर भारत” के निर्माण में नई ऊर्जा प्रदान कर रहा है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार के निरंतर प्रयासों से अब तक 11 लाख से अधिक युवाओं को नियुक्ति पत्र प्रदान किए जा चुके हैं।
केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में यह 17वां रोजगार मेला देशभर में एक साथ आयोजित हुआ है, जिसके अंतर्गत आज 51 हजार से अधिक युवाओं को नियुक्ति पत्र दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि यह “प्रधानमंत्री का विकास मॉडल” और “विकसित भारत 2047” की दिशा में एक ठोस कदम है। श्री साहू ने कहा कि युवाओं को रोजगार देना और अवसर सृजन करना केंद्र सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
उन्होंने आगे कहा — “रायपुर में आयोजित इस रोजगार मेले में आकर मुझे अत्यंत हर्ष हो रहा है, जहाँ हमारे युवा साथी अपनी कड़ी मेहनत के फलस्वरूप नियुक्ति पत्र प्राप्त कर रहे हैं। यह पल न केवल उनके लिए, बल्कि हम सबके लिए गर्व का क्षण है। हमारी सरकार युवाओं को रोजगार देने और रोजगार सृजन के प्रति पूरी तरह समर्पित है।”
कार्यक्रम के दौरान चयनित युवाओं के चेहरों पर उत्साह और गर्व झलक रहा था। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं केंद्र सरकार के प्रति आभार व्यक्त किया और इस पहल को अपने सपनों को साकार करने वाला क्षण बताया।
रायपुर एम्स का यह आयोजन न केवल युवाओं के सपनों को साकार करने का प्रतीक बना, बल्कि केंद्र सरकार के रोजगार सृजन अभियान की सफलता की एक और मजबूत मिसाल साबित हुआ।








