

दिनांक : 01 सितम्बर 2025
25.17 मिलियन क्यूबिक मीटर ओबीआर के साथ अगस्त माह का सर्वाधिक ओबीआर

Raipur chhattisgarh VISHESH एसईसीएल ने अगस्त 2025 में ओवर बर्डन रिमूवल (OBR) का नया रिकॉर्ड दर्ज किया है। हाल ही में सम्पन्न अगस्त माह में कंपनी ने 25.17 मिलियन क्यूबिक मीटर (MCuM) का ओबीआर कर स्थापना से अब तक किसी भी अगस्त माह में सर्वोच्च ओबीआर की उपलब्धि दर्ज की है।
अगस्त 2025 के लिए निर्धारित 21.17 MCuM के लक्ष्य की तुलना में एसईसीएल ने 115.8% उपलब्धि दर्ज की। वहीं, अगस्त 2024 में प्राप्त 13.62 MCuM की तुलना में इस वर्ष उल्लेखनीय 84.82% की वृद्धि दर्ज की गई।
गौरतलब है कि कोयला उद्योग में ओपनकास्ट खदानों से कोयला निकालने से पूर्व मिट्टी, पत्थर आदि की परतें हटानी पड़ती हैं, जिन्हें ओवरबर्डन कहा जाता है। इस कार्य को “ओवर बर्डन रिमूवल” (ओबीआर) कहते हैं। ओबीआर कोयला उत्पादन का एक महत्वपूर्ण निष्पादन मानदंड है, क्योंकि इसके माध्यम से भविष्य के उत्पादन हेतु कोयला सीम को तैयार किया जाता है।
एसईसीएल द्वारा अपने मेगाप्रोजेक्ट्स में ओबी हटाने के लिए ब्लास्टिंग-रहित रिपर तकनीक के प्रयोग को भी बढ़ावा दिया जा रहा है जिससे सुरक्षित एवं पर्यावरण-हितैषी रूप से ओबी हटाना संभव हुआ है।
विदित हो कि एसईसीएल को वित्तीय वर्ष 2025-26 के लिए 360 मिलियन क्यूबिक मीटर ओबीआर का लक्ष्य सौंपा गया है, जिसकी ओर कंपनी मजबूती से अग्रसर है।
जनसम्पर्क अधिकारी
एसईसीएल बिलासपुर








