








Raipur chhattisgarh VISHESH दिनांक : 17 अगस्त 2025 ग्राम सेवती/साजा/दुर्ग/आरंग/रायपुर – ग्राम सेवती में 17 अगस्त 2025, दिन रविवार को शूरवीर बलिदानी राजा गुरु बालकदास साहेब जी की जयंती महोत्सव का भव्य आयोजन किया गया। इस अवसर पर क्षेत्रभर से हजारों श्रद्धालु उपस्थित रहे और गुरु परंपरा, भक्ति एवं सामाजिक एकता का अद्भुत संगम देखने को मिला।
सतनाम सेना एवं श्रद्धालुओं ने भक्ति गीत, अखाड़ा दल की प्रस्तुति, नृत्य और जयकारों के माध्यम से समाज में एकता व जागरूकता का संदेश देते हुए मुख्य अतिथि गुरु खुशवंत साहेब जी (विधायक आरंग एवं अनुसूचित जाति विकास प्राधिकरण उपाध्यक्ष, छत्तीसगढ़ शासन तथा प्रदेश अध्यक्ष अखिल भारतीय सतनामी सेना) तथा साजा विधायक माननीय ईश्वर साहू जी के स्वागत सम्मान किए। समाजजनों ने पारंपरिक रीति से उनका भव्य स्वागत किया। मंगल भजन के पश्चात पालो चढ़ाया गया और गुरु खुशवंत साहेब जी ने गुरुवाणी देकर समाज को आध्यात्मिक मार्गदर्शन प्रदान किया।
अपने ओजस्वी उद्बोधन में गुरु खुशवंत साहेब जी ने कहा – राजा गुरु बालकदास साहेब जी का जीवन त्याग,साहस और बलिदान की अमर गाथा है। हमें उनके बताए मार्ग पर चलकर समाज की एकता, संगठन और प्रगति को सशक्त बनाना होगा। गुरु परंपरा की यह जयंती केवल स्मरण नहीं बल्कि समाज सुधार और नई पीढ़ी के मार्गदर्शन का अवसर है।
उन्होंने आगे कहा कि मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय जी के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ सरकार ने गुरु आस्था स्थलों एवं समाज के सांस्कृतिक केंद्रों के विकास हेतु करोड़ों रुपये की स्वीकृति दी है। समाज के प्रत्येक वर्ग तक शासन की योजनाएँ पहुँचे, यही हमारी प्राथमिकता है।
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे विधायक माननीय ईश्वर साहू जी ने कहा कि –गुरु परंपरा हमारी सांस्कृतिक धरोहर है। राजा गुरु बालकदास साहेब जी की जयंती हमें त्याग, समाजसेवा और बलिदान का अमूल्य संदेश देती है।
इस अवसर पर विशिष्ट अतिथि, अखिल भारतीय सतनामी सेना के पदाधिकारी, भाजपा पदाधिकारी, समाज के गणमान्यजन, कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।









