


सीएम नीतीश कुमार को देश का अगला प्रधानमंत्री बनाने की बातें उठीं
Report manpreet singh
Raipur chhattisgarh VISHESH बिहार की राजधानी पटना के वेटनरी कॉलेज ग्राउंड में रविवार सुबह से ही ख़ासी गहमागहमी रही. यहां संविधान दिवस के मौक़े पर राज्य की सत्तारूढ़ पार्टी जद (यू) ने ‘भीम संसद एवं सम्मान समारोह’ का आयोजन किया. आयोजन में शामिल कई नेताओं ने केंद्र सरकार पर हमला बोला और बिहार को विशेष राज्य का दर्जा देने की मांग की.सीएम नीतीश कुमार ने भी कहा कि यदि बिहार को विशेष राज्य का दर्जा मिल जाए तो राज्य की ग़रीबी केवल दो साल में ख़त्म हो जाएगी. इसके लिए उन्होंने पत्रकारों का भी समर्थन माँगा
इस कार्यक्रम के ज़रिए एक ओर सीएम नीतीश कुमार को देश का अगला प्रधानमंत्री बनाने की बातें उठीं. वहीं नीतीश कुमार ने अपने संबोधन में कभी सीधे तो कभी परोक्ष रूप से भाजपा और केंद्र सरकार पर निशाना साधा.
भाजपा से अलगाव और महागठबंधन का फिर से हिस्सा बनने के बाद से अकेले जद (यू) का यह सबसे बड़ा आयोजन था. इसे सफल बनाने का ज़िम्मा राज्य के भवन निर्माण मंत्री अशोक चौधरी का था. वहीं राज्य के उत्पाद और मद्य निषेध मंत्री सुनील कुमार और अनुसूचित जाति और जनजाति कल्याण मंत्री रत्नेश सदा इस आयोजन के अहम चेहरे रहे.
राजनीतिक विश्लेषकों के अनुसार, जाति आधारित सर्वे की रिपोर्ट जारी होने के बाद दलितों (22 फ़ीसदी) को जद (यू) की ओर लुभाने के साथ यह पार्टी का एक शक्ति प्रदर्शन भी था. सीएम नीतीश इस आयोजन में इकट्ठा हुई भीड़ को देखकर इस कदर उत्साहित हो गए कि उन्होंने वेटनरी कॉलेज के छोटा पड़ जाने और ऐसे इवेंट को पटना स्थित राज्य के सबसे बड़े ग्राउंड गांधी मैदान में आयोजित करने की सलाह दे डाली.
उन्होंने तंज़ कसते हुए कहा कि दिल्ली वाले (भाजपा और केंद्र सरकार) देखें कि कैसे राज्य भर के लोग पटना में एकत्रित हुए हैं. सीएम ने संविधान दिवस (26 नवंबर) का ज़िक्र करते हुए कहा कि उनकी पार्टी पाँच नामों- महात्मा गांधी, बाबा साहेब आंबेडकर, राम मनोहर लोहिया, जय प्रकाश नारायण और कर्पूरी ठाकुर के विचारों पर चलने वाली पार्टी है.







