
Report manpreet singh
Raipur chhattisgarh VISHESH नरेंद्र मोदी बुधवार को बिरसा मुंडा की जन्मस्थली उलिहातू (खूंटी) जाने के लिए रांची पहुंचे. पीएम मोदी रांची एयरपोर्ट से राजभवन के बीच की 10 किलोमीटर की दूरी तक चले रोड शो में भी शामिल हुए.
बुधवार को झारखंड के स्थापना की 23वीं वर्षगाँठ भी है. पीएम मोदी ने कुछ देर पहले सोशल मीडिया साइट ‘एक्स’ पर बिरसा मुंडा को श्रद्धांजलि और झारखंड स्थापना दिवस पर राज्य के लोगों को बधाई दी है.
उन्होंने लिखा, भगवान बिरसा मुंडा जी को उनकी जयंती पर आदरपूर्ण श्रद्धांजलि. देशभर के मेरे परिवारजनों को इस विशेष अवसर से जुड़े ‘जनजातीय गौरव दिवस’ की ढेरों शुभकामनाएं. पीएम मोदी ने सोशल मीडिया साइट ‘एक्स’ पर एक अन्य पोस्ट लिखकर झारखंड के लोगों को बधाई दी है.
उन्होंने लिखा, झारखंड अपनी खनिज संपदाओं के साथ-साथ जनजातीय समाज के साहस, शौर्य और स्वाभिमान के लिए सुविख्यात रहा है. यहां के मेरे परिवारजनों ने देश की उन्नति में अपना अहम योगदान दिया है. राज्य के स्थापना दिवस पर मैं उन्हें अपनी शुभकामनाएं देता हूं, साथ ही प्रदेश के उज्ज्वल भविष्य की कामना करता हूं.
रांची पहुंचने के बाद पीएम मोदी ने सोशल मीडिया साइट एक्स पर लिखा, मध्य प्रदेश में यादगार रैलियों और रोड शो के बाद रांची पहुंच चुका हूं. कल 15 नवंबर का दिन बहुत विशेष है. मुझे झारखंड के लोगों के साथ भगवान बिरसा मुंडा जी की जयंती पर मनाए जाने वाले ‘जनजातीय गौरव दिवस’ में शामिल होने का सौभाग्य मिलेगा. उन्होंने लिखा, उनकी जन्मस्थली उलिहातू जाने का सुअवसर मिलने से बहुत ही गौरवान्वित महसूस कर रहा हूं. इस दौरे में खूंटी में जहां ‘विकसित भारत संकल्प यात्रा’ को हरी झंडी दिखाऊंगा, वहीं आदिवासी समुदाय के कल्याण के लिए 24,000 करोड़ रुपए की ऐतिहासिक योजना का भी शुभारंभ करूंगा.
उलिहातू में पीएम मोदी धरती आबा कहे जाने वाले बिरसा मुंडा की प्रतिमा को नमन करने के साथ उनके परिजनों से मिलेंगे. वो वहां जाने वाले पहले देश के पहले प्रधानमंत्री होंगे. नरेंद्र मोदी इससे पहले पुराना जेल परिसर स्थित भगवान बिरसा मुंडा स्मृति पार्क और म्यूज़ियम भी जाएंगे. वो उस कमरे में भी जाएंगे, जहां मुंडा को अंग्रेज़ों ने क़ैद किया था.







