

सुप्रीम कोर्ट से राहत मिलने के बाद राहुल गांधी की पहली प्रतिक्रिया आई है. राहुल गांधी ने ट्वीट किया है, ”चाहे कुछ भी हो, मेरा फ़र्ज़ वही रहेगा…आइडिया ऑफ इंडिया की रक्षा करना.”
सुप्रीम कोर्ट से राहत मिलने के बाद हुई प्रेस कॉन्फ्रेंस में राहुल ने अपनी पहली टिप्पणी दी, कहा आज नहीं तो कल, कल नहीं तो परसों…सच्चाई की जीत होती है. लेकिन जो भी हो. मेरा रास्ता साफ है. मुझे क्या करना है. मेरा क्या काम है. उसे लेकर मेरे दिमाग़ में स्पष्टता है जिन्होंने हमारी मदद की. जनता ने जो प्यार और समर्थन दिया. उसके लिए बहुत बहुत धन्यवाद
मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा, राहुल गांधी को संसद सदस्य के रूप में अयोग्य करार देने में सिर्फ़ 24 घंटे का वक़्त लिया गया था. अब देखेंगे कि उनकी संसद सदस्यता कितने घंटे में बहाल की जाती है. क्योंकि उन्हें अयोग्य ठहराए जाने में तो वक़्त लगा नहीं लगा था. ये दिल्ली में दिया गया फ़ैसला है. गुजरात से आए फ़ैसले में तो 24 घंटे के अंदर उन्हें अयोग्य ठहराए जाने के साथ बाहर निकालने जैसे कदम उठा लिए गए.’
मल्लिकार्जुन खड़गे बोले, सुप्रीम कोर्ट और संसद के बीच मात्र कुछ किलोमीटर की दूरी है. गुजरात तो दो, ढाई हज़ार किलोमीटर दूर था. ऐसे में शायद रात में उनकी सदस्यता बहाल की जाए. या अभी करते हैं. कितना वक़्त लेते हैं, हमें अब देखना चाहिए. हम देखेंगे. और इंतज़ार करेंगे…अब इतना बड़ा इंतज़ार किया है तो उनके ऑर्डर का भी हम इंतज़ार करेंगे.
इससे पहले उन्होंने सुप्रीम कोर्ट के फ़ैसले को लोकतंत्र की जीत बताते हुए कहा, मैं तहे दिल से सुप्रीम कोर्ट के फ़ैसले का स्वागत करता हूं. अभी संविधान ज़िंदा है. न्याय मिल सकता है, ये उसका बहुत बड़ा उदाहरण है. ये संविधान, लोकतंत्र और भारत के आम लोगों की जीत है. सिर्फ़ राहुल गांधी जी की जीत नहीं है. ये संविधान के उसूलों की जीत है.
कांग्रेस नेता राहुल गांधी को मोदी सरनेम मामले में सुप्रीम कोर्ट से राहत मिल गई है लेकिन उनकी संसद सदस्यता बहाल होने पर स्थिति स्पष्ट नहीं हुई है.कांग्रेस नेता केसी वेणुगोपाल ने इस मुद्दे पर मीडिया से कहा इस मामले में अब स्पीकर को फ़ैसला लेना है. पूरे देश और दुनिया की नज़र अब स्पीकर पर है. राहुल गांधी की सदस्यता को निरस्त करने के फैसले को तुरंत वापस लिया जाना चाहिए. लोकसभा में हमारे विपक्ष के नेता फैसले की कॉपी के साथ अध्यक्ष से आधिकारिक तौर पर अनुरोध करेंगे.
सुप्रीम कोर्ट ने शुक्रवार को अपने आदेश में कहा कि ट्रायल जज ने बिना पर्याप्त कारणों और आधार के दो साल की अधिकतम सज़ा सुनाई थी. कोर्ट ने राहुल गांधी को कथित टिप्पणी करते समय सावधान रहने के लिए भी कहा है.
सुप्रीम कोर्ट के वरिष्ठ वकील केसी कौशिक ने कहा कोर्ट ने सजा पर रोक लगा दी है…सबसे महत्वपूर्ण बात है कि कोर्ट ने यह कहा है कि यह किसी एक व्यक्ति का मामला नहीं है, बल्कि जिन लोगों ने राहुल गांधी को संसद में पहुंचाया है उनके अधिकारों का हनन है.







