

बैतूल के मांडवी गांव में बोरवेल में गिरे छह साल के बच्चे तन्मय को निकालने के लिए हर संभव प्रयास करने के निर्देश मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने दिए हैं। उन्होंने कहा कि जो आवश्यक कदम उठाना पड़े, संसाधन की आवश्यकता लगे वह पूरा करें। उन्होंने अपने आवास से बुधवार को अधिकारियों से बचाव कार्य की पूरी जानकारी ली। एनडीआरएफ और एसडीईआरएफ उसे निकालने का प्रयास कर रहे हैं। बता दें कि मंगलवार शाम करीब पांच बजे अपनी बहन और अन्य बच्चों के साथ छुपन-छुपाई खेलते समय पड़ोसी के बोरवेल में गिर गया था। बोरवेल के ऊपर बोरी रखी हुई थी, इस कारण बच्चे को पता नहीं चल पाया। आवाज लगाने पर बच्चे की आवाज आई तो घर वालों का पता चला कि बच्चा बोरवेल में गिरा है। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। पहले रस्सी से बच्चे को खींचने की कोशिश हुई। करीब 12 फीट ऊपर आने के बाद रस्सी खुल गई। इसके बाद अब बगल में गड्ढा खोदकर बच्चे तक पहुंचने की कोशिश की जा रही है। अभी करीब 15 फीट की खोदाई और होनी है। बोरवेल में ठंडा पानी भरा है।
तन्मय को भोजन पानी देना मुश्किल

बचाव अभियान में लगे अधिकारियों ने बताया कि बच्चे को खाना और पानी पहुंचाने में समस्या है, क्योंकि उसके हाथ ऊपर है। बोरवेल के पास पश्चिम दिशा की ओर से करीब 25 फीट तक खोदाई के बाद कठोर चट्टान आने से काम धीमा हो गया। इसे देखते हुए प्रशासन द्वारा पूर्व दिशा की ओर से भी खोदाई कर सुरंग बनाने का काम रात करीब 12 बजे से शुरू कर दिया है।
कलेक्टर अमनबीर सिंह बैंस ने बताया कि तन्मय 35 से 40 फीट के बीच फंसा हुआ है। उस तक पहुंचने के लिए 40 फीट गहराई तक खोदाई की जाएगी और फिर सुरंग बनाकर उसे निकाला जाएगा। पथरीली जमीन होने से खोदाई में वक्त लग रहा है।
कमिश्नर, डीआइजी मौके पर पहुंचे
तन्मय को बाहर निकालने के लिए सुरंग बनाने के लिए पोकलेन मशीनों की मदद से खोदाई का काम किया जा रहा है। बोरवेल में लगातार आक्सीजन की आपूर्ति की जा रही है। सीसीटीवी कैमरे से तन्मय पर प्रशासनिक अधिकारी नजर भी रखे हुए हैं। नर्मदापुरम संभाग के आयुक्त श्रीमन शुक्ला एवं डीआईजी जगत सिंह राजपूत भी ग्राम मांडवी में मौका स्थल पर पहुंच गए हैं।
आठनेर के कृष्णा गायकी ने बताया कि मांडवी के सुनील साहू का बालक खेत में खेल रहा था। इसी दौरान वह करीब 50 फीट गहरे बोरवेल में गिर गया। यह बोरवेल तीन दिन पहले ही खोदा गया था। खेत में इस बोरवेल की गहराई करीब 400 फीट है। कलेक्टर अमनवीर सिंह बैंस ने बताया कि बोरवेल में फंसे तन्मय को रस्सी के सहारे बाहर निकालने का प्रयास किया गया था। उसके हाथ में रस्सी बंध गई और उससे करीब 12 फीट उपर तक खींच लिया गया था लेकिन रस्सी खुल गई और वह वहीं पर अटक गया। अब तन्मय करीब 38 फीट गहराई पर अटका हुआ है। इसके बाद से उसके शरीर में हलचल नजर नहीं आई है। दूसरी ओर से भी गड्ढे की खोदाई शुरू की गई है।





















