

Raipur chhattisgarh VISHESH // रायपुर, 14 नवंबर 2026: राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (एनआईटी) रायपुर के सिविल इंजीनियरिंग विभाग द्वारा 10 से 14 नवंबर 2026 तक “सिविल इंजीनियरिंग में मशीन लर्निंग के अनुप्रयोग” विषय पर पाँच दिवसीय संकाय विकास कार्यक्रम (FDP) का सफलतापूर्वक आयोजन किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ 10 नवंबर को आयोजित उद्घाटन सत्र के साथ हुआ, जिसमें अमेरिका के टेक्सास ए एंड एम विश्वविद्यालय के डॉ. विजय पी. सिंह मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। इस कार्यक्रम में देश के विभिन्न क्षेत्रों से अनेक शैक्षणिक संस्थानों के प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।

पाँच दिवसीय इस कार्यक्रम के दौरान विभिन्न एनआईटी एवं अन्य प्रतिष्ठित संस्थानों से आमंत्रित विशेषज्ञों ने व्याख्यान दिए तथा प्रायोगिक सत्रों का संचालन किया। इन सत्रों में पायथन एवं MATLAB प्लेटफॉर्म के माध्यम से मशीन लर्निंग की मूलभूत अवधारणाओं एवं सिविल इंजीनियरिंग के विभिन्न क्षेत्रों में इसके अनुप्रयोगों पर विस्तृत चर्चा की गई। इसके अंतर्गत स्ट्रक्चरल इंजीनियरिंग, जियोटेक्निकल इंजीनियरिंग, परिवहन अभियांत्रिकी, पर्यावरण अभियांत्रिकी तथा जल संसाधन अभियांत्रिकी में मशीन लर्निंग के उपयोगों को प्रमुखता से समझाया गया।
कार्यक्रम का समापन 14 नवंबर को आयोजित समापन सत्र के साथ हुआ, जिसमें प्रो. पीयूष सामुई मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। इस अवसर पर एफडीपी के संयोजक डॉ. विकास कुमार विद्यार्थी ने पाँच दिवसीय कार्यक्रम का समग्र प्रतिवेदन प्रस्तुत करते हुए प्रमुख गतिविधियों, तकनीकी सत्रों एवं कार्यक्रम से प्राप्त उपलब्धियों पर प्रकाश डाला। इसके पश्चात विभागाध्यक्ष एवं एफडीपी के अध्यक्ष डॉ. एल. के. यदु ने अपने संबोधन में कार्यक्रम के सफल आयोजन पर प्रसन्नता व्यक्त की। उन्होंने संस्थान के निदेशक प्रो. एन. वी. रमना राव, उद्घाटन एवं समापन सत्र के मुख्य अतिथियों, सभी विशेषज्ञ वक्ताओं तथा प्रतिभागियों के बहुमूल्य योगदान के लिए आभार व्यक्त किया।
इस संकाय विकास कार्यक्रम का संयोजन डॉ. विकास कुमार विद्यार्थी द्वारा किया गया, जबकि डॉ. अल्फिया बानो, डॉ. एस. के. चौकसे एवं डॉ. सी. के. सिंह ने समन्वयक के रूप में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
यह संकाय विकास कार्यक्रम ज्ञान के आदान-प्रदान, व्यावहारिक प्रशिक्षण एवं शैक्षणिक संवाद का एक समृद्ध मंच सिद्ध हुआ। कार्यक्रम ने प्रतिभागियों को अपने शिक्षण एवं अनुसंधान कार्यों में मशीन लर्निंग तकनीकों को एकीकृत करने के लिए प्रोत्साहित किया।








