




कंतेली स्कूल को ₹5 करोड़ की लागत से मॉडल स्कूल के रूप में विकसित किया जाएगा, SECL के CSR मद से राशि स्वीकृत
कंतेली महाविद्यालय का शुभारंभ क्षेत्र के युवाओं के लिए उच्च शिक्षा के नए अवसरों का मार्ग प्रशस्त करेगा: श्री साहू

Raipur chhattisgarh VISHESH // मुंगेली, 13 नवंबर 2026।
जिस धरती पर पैदल चलकर केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य राज्यमंत्री श्री तोखन साहू ने अपनी स्कूली शिक्षा की नींव रखी थी, आज उसी ग्राम कंतेली को मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने उच्च शिक्षा की बड़ी सौगात दी है। शुक्रवार को ग्राम कंतेली में आयोजित भव्य समारोह में मुख्यमंत्री श्री साय और केंद्रीय राज्यमंत्री श्री साहू ने नवीन महाविद्यालय का शुभारंभ करने के साथ ही जिले के विभिन्न विकास कार्यों का भूमिपूजन एवं लोकार्पण किया।
भावुक हुए केंद्रीय राज्यमंत्री, साझा किए बचपन के संघर्ष
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए केंद्रीय राज्यमंत्री श्री तोखन साहू भावुक हो उठे। कंतेली से जुड़े अपने विद्यार्थी जीवन को याद करते हुए उन्होंने बताया कि वे अपने गृह ग्राम डिडौंरी से प्रतिदिन पैदल चलकर कंतेली पढ़ने आया करते थे। उन्होंने कहा, “मन में शिक्षा प्राप्त करने और आगे बढ़ने का दृढ़ संकल्प था। इसी मिट्टी और यहाँ मिली शिक्षा ने मेरे जीवन की नींव रखी है। आज उसी कंतेली में महाविद्यालय का शुभारंभ होना मेरे लिए अत्यंत गौरव और भावनात्मक क्षण है। अब हमारे ग्रामीण अंचल के युवाओं और बेटियों को उच्च शिक्षा के लिए दूर-दराज भटकना नहीं पड़ेगा।”
₹5 करोड़ से संवरेगा कंतेली स्कूल, बनेगा मॉडल स्कूल
श्री साहू ने बताया कि जिस स्कूल में उन्होंने पढ़ाई की, उसे आधुनिक सुविधाओं से युक्त ‘मॉडल स्कूल’ के रूप में विकसित करने के लिए SECL के CSR मद से ₹5 करोड़ की राशि स्वीकृत कराई गई है, जिसकी टेंडर प्रक्रिया प्रगति पर है। इसके तहत स्कूल में डिजिटल कक्षाएं, आधुनिक प्रयोगशालाएं और खेल सुविधाएं विकसित की जाएंगी। इससे पूर्व विद्यार्थियों की सुरक्षा के लिए बाउंड्रीवॉल का निर्माण भी पूर्ण कराया जा चुका है।
मुंगेली जिले को ₹465.40 करोड़ के विकास कार्यों की सौगात
इस अवसर पर मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने मुंगेली जिले के चहुंमुखी विकास के लिए ₹465 करोड़ 40 लाख से अधिक की लागत के कुल 77 विकास कार्यों की सौगात दी:
- लोकार्पण: ₹68 करोड़ से अधिक की लागत के 24 कार्य।
- भूमिपूजन: ₹397 करोड़ से अधिक की लागत के 53 कार्य।
इन कार्यों से जिले में सड़क, सिंचाई, पेयजल, शिक्षा और स्वास्थ्य सुविधाओं का व्यापक विस्तार होगा। इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने ग्राम कंतेली में नए पंचायत भवन व महाविद्यालय भवन तथा ग्राम देवरी में स्वतंत्रता संग्राम सेनानी स्मृति वाटिका के निर्माण की भी महत्वपूर्ण घोषणा की।








