

14,215 ई-फाइलों की समीक्षा, 13,708 का निस्तारण; भौतिक रिकॉर्ड प्रबंधन में भी उल्लेखनीय प्रगति
47 लाख वर्ग फुट से अधिक क्षेत्र में स्वच्छता अभियान, कबाड़ निपटान से 26.17 करोड़ रुपये का राजस्व अर्जित
कोल इंडिया लिमिटेड की अनुषंगी कंपनी तथा कोयला मंत्रालय के अधीन सार्वजनिक उपक्रम साउथ ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (एसईसीएल) ने विशेष अभियान 6 के तहत रिकॉर्ड प्रबंधन, लंबित मामलों के निस्तारण और प्रशासनिक दक्षता के क्षेत्र में निर्धारित लक्ष्यों को पार कर लिया है। कंपनी ने इलेक्ट्रॉनिक फाइलों की समीक्षा और निस्तारण के साथ-साथ भौतिक अभिलेखों के प्रबंधन में भी उल्लेखनीय प्रगति दर्ज की है।
अभियान के तहत एसईसीएल ने 7,000 के निर्धारित लक्ष्य के मुकाबले 14,215 इलेक्ट्रॉनिक फाइलों की समीक्षा की है। वहीं, 3,000 के लक्ष्य के विरुद्ध 13,708 इलेक्ट्रॉनिक फाइलों का निस्तारण किया गया है, जो निर्धारित लक्ष्य के चार गुने से भी अधिक है। भौतिक अभिलेख प्रबंधन के अंतर्गत 500 के लक्ष्य के मुकाबले 2,100 फाइलों की समीक्षा की गई, जबकि 200 के लक्ष्य के विरुद्ध 872 अनुपयोगी भौतिक फाइलों का निस्तारण किया गया।

_20261029185227_e88d35.jpeg)
स्वच्छता और अपशिष्ट प्रबंधन के क्षेत्र में भी कंपनी ने उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं। एसईसीएल ने 225 के निर्धारित लक्ष्य के मुकाबले 226 स्थलों पर स्वच्छता गतिविधियां पूरी की हैं। इस दौरान 40 लाख वर्ग फुट के लक्ष्य के विरुद्ध 47 लाख वर्ग फुट से अधिक क्षेत्र की सफाई की गई। कबाड़ निपटान के तहत 3,300 मीट्रिक टन के लक्ष्य के मुकाबले 4,602 मीट्रिक टन कबाड़ का निस्तारण किया गया, जिससे लगभग 26.17 करोड़ रुपये का राजस्व प्राप्त हुआ।
ई-कचरा संग्रहण और ‘वेस्ट टू वेल्थ’ पर जोर
विशेष अभियान 6 के तहत इलेक्ट्रॉनिक कचरे के व्यवस्थित संग्रहण, पृथक्करण और निपटान को भी प्राथमिकता दी जा रही है। एसईसीएल मुख्यालय, बिलासपुर में अनुपयोगी सामग्री से निर्मित एक विशेष ई-कचरा संग्रहण पात्र स्थापित किया गया है, ताकि कर्मचारी पुराने और अनुपयोगी इलेक्ट्रॉनिक उपकरण उसमें जमा कर सकें। यह पहल अपशिष्ट को उपयोगी संसाधन में बदलने की ‘वेस्ट टू वेल्थ’ अवधारणा को प्रोत्साहित करती है।

कंपनी के परिचालन क्षेत्रों की आवासीय कॉलोनियों में भी ई-कचरा संग्रहण केंद्र स्थापित किए गए हैं। इसके साथ ही घर-घर जाकर ई-कचरा एकत्र करने की गतिविधियां संचालित की जा रही हैं, ताकि कर्मचारी और स्थानीय निवासी इस पहल में भागीदारी कर सकें। छत्तीसगढ़ और मध्य प्रदेश में फैले कंपनी के परिचालन क्षेत्रों में स्वच्छता, अपशिष्ट प्रबंधन और जनभागीदारी से जुड़ी गतिविधियां भी संचालित की जा रही हैं।
विशेष अभियान 6 का आयोजन 2 से 31 अक्टूबर 2026 तक किया जा रहा है। अभियान के प्रमुख उद्देश्यों में स्वच्छता, ई-कचरा प्रबंधन, स्थान का बेहतर उपयोग, कबाड़ निपटान, अभिलेख प्रबंधन और लंबित मामलों में कमी लाना शामिल है। इन पहलों के माध्यम से एसईसीएल प्रशासनिक प्रक्रियाओं को अधिक सुव्यवस्थित बनाने, संसाधनों के प्रभावी उपयोग और सुशासन को मजबूत करने की दिशा में प्रयासरत है।








