








मुंगेली में माँ महामाया मंदिर में दर्शन के साथ ग्राम हथनीकला के विकास हेतु ₹5 लाख की सहायता
जांजगीर-चांपा में ‘भक्ति राग—एक शाम माँ के नाम’ कार्यक्रम में हुए सम्मिलित

बिलासपुर। केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य राज्य मंत्री तथा बिलासपुर लोकसभा क्षेत्र के सांसद श्री तोखन साहू ने नवरात्रि के पावन अवसर पर छत्तीसगढ़ के विभिन्न धार्मिक स्थलों में दर्शन एवं पूजा-अर्चना कर देश और प्रदेश की सुख-समृद्धि, शांति, उत्तम स्वास्थ्य एवं खुशहाली की कामना की। इस दौरान उन्होंने डोंगरगढ़ स्थित माँ बम्लेश्वरी मंदिर, सिंगोला स्थित माँ भानेश्वरी शक्तिपीठ, मुंगेली जिले के ग्राम हथनीकला स्थित माँ महामाया मंदिर तथा बिलासपुर जिले के तिफरा स्थित माँ काली मंदिर में दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त किया। इसके साथ ही वे जांजगीर-चांपा के हाई स्कूल मैदान में आयोजित ‘भक्ति राग—एक शाम माँ के नाम’ कार्यक्रम में भी सम्मिलित हुए।
मुंगेली जिले के ग्राम हथनीकला स्थित माँ महामाया मंदिर में दर्शन एवं पूजा-अर्चना के पश्चात श्री साहू ने ग्राम के विकास एवं जनकल्याणकारी कार्यों के लिए ₹5 लाख की राशि प्रदान की।
धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजनों के क्रम में श्री साहू जांजगीर-चांपा के हाई स्कूल मैदान में आयोजित ‘भक्ति राग—एक शाम माँ के नाम’ कार्यक्रम में सम्मिलित हुए। इस अवसर पर उन्होंने माँ दुर्गा की आराधना से जुड़े धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजनों को आस्था, सामाजिक एकता और सांस्कृतिक परंपराओं के संरक्षण का महत्वपूर्ण माध्यम बताया।
श्री साहू ने कहा कि नवरात्रि भारतीय संस्कृति, श्रद्धा, शक्ति और भक्ति का पावन पर्व है। ऐसे अवसर समाज में सकारात्मकता, सेवा, सद्भाव और आपसी सहयोग की भावना को सुदृढ़ करते हैं। उन्होंने सभी प्रदेशवासियों को नवरात्रि की शुभकामनाएँ देते हुए माँ दुर्गा से सभी के जीवन में सुख, शांति, समृद्धि और उत्तम स्वास्थ्य की कामना की।








