







Raipur chhattisgarh VISHESH / रायपुर। राजधानी रायपुर में आयोजित क्रिटिकल मिनरल नीलामी के 8वें चरण के रोड शो को संबोधित करते हुए केंद्रीय राज्य मंत्री, आवासन एवं शहरी कार्य मंत्रालय, भारत सरकार श्री तोखन साहू ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के आत्मनिर्भर भारत और विकसित भारत के संकल्प को मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय जी के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ सरकार नई गति दे रही है।
श्री साहू ने कहा कि क्रिटिकल मिनरल्स भविष्य की अर्थव्यवस्था, आधुनिक तकनीक और औद्योगिक विकास के लिए बेहद महत्वपूर्ण हैं। छत्तीसगढ़ के पास समृद्ध खनिज संसाधन, मजबूत औद्योगिक आधार और कुशल मानव संसाधन हैं, जिससे प्रदेश में निवेश, उद्योग और रोजगार की व्यापक संभावनाएं हैं।

उन्होंने कहा कि नीलामी की सफलता केवल खनिज ब्लॉकों के आवंटन से नहीं, बल्कि एक्सप्लोरेशन, निवेश, प्रोसेसिंग, नई तकनीक, वैल्यू चेन और रोजगार सृजन से तय होगी। उन्होंने निवेशकों से छत्तीसगढ़ को दीर्घकालिक और भरोसेमंद निवेश गंतव्य के रूप में देखने का आह्वान किया।
केंद्रीय राज्य मंत्री ने कहा कि औद्योगिक विकास के साथ आवास, परिवहन, स्वास्थ्य, शिक्षा और बेहतर नागरिक सुविधाओं का विस्तार भी जरूरी है। नए औद्योगिक केंद्रों के साथ सुनियोजित और टिकाऊ शहरी विकास को आगे बढ़ाना सरकार की प्राथमिकता है।
उन्होंने विश्वास जताया कि क्रिटिकल मिनरल्स की नीलामी से छत्तीसगढ़ में नए निवेश, नई औद्योगिक क्षमताओं और युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे तथा प्रदेश के विकास को नई दिशा मिलेगी।
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय, केंद्रीय राज्य मंत्री श्री सतीश चंद्र दुबे, सीएमडीसी अध्यक्ष श्री सौरभ सिंह, मुख्य सचिव श्री विकासशील, खान मंत्रालय के सचिव श्री केशव चंद्र, अपर मुख्य सचिव श्री मनोज कुमार पिंगुवा, प्रमुख सचिव श्री सुबोध कुमार सिंह, सीएमडीसी के संचालक एवं प्रबंध संचालक श्री रजत बंसल सहित केंद्र एवं राज्य सरकार के वरिष्ठ अधिकारी, उद्योग जगत के प्रतिनिधि, निवेशक और खनन क्षेत्र से जुड़े प्रमुख सदस्य उपस्थित रहे।





















