

कक्षा 11वीं और 12वीं के विद्यार्थियों और शिक्षकों को बढ़ते ऑनलाइन अपराधों तथा सुरक्षित डिजिटल व्यवहार के प्रति किया गया जागरूक
प्रविष्टि तिथि: 24 AUG 2026 6:05PM
सेल-भिलाई इस्पात संयंत्र द्वारा संचालित सीनियर सेकेंडरी स्कूल, सेक्टर-10 में विद्यार्थियों और शिक्षकों को बढ़ते साइबर अपराधों एवं ऑनलाइन धोखाधड़ी से बचाव के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से एक साइबर सुरक्षा जागरूकता कार्यशाला का आयोजन किया गया। इस कार्यशाला में कक्षा 11वीं और 12वीं के लगभग 400 विद्यार्थियों तथा 40 शिक्षक-शिक्षिकाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि सीएसपी भिलाई श्री निशांत पाठक तथा मुख्य वक्ता इंस्पेक्टर डॉ. संकल्प राय ने डिजिटल प्लेटफॉर्म का उपयोग करते समय अत्यधिक सतर्कता बरतने की आवश्यकता पर बल दिया। वक्ताओं ने विद्यार्थियों को संदिग्ध लिंक पर क्लिक न करने, अनजान कॉल्स/संदेशों से सावधान रहने और ओटीपी, पासवर्ड तथा बैंक विवरण जैसी संवेदनशील जानकारी साझा न करने की सलाह दी। कार्यशाला में सोशल मीडिया का जिम्मेदार उपयोग, मजबूत पासवर्ड का निर्माण और किसी भी संदिग्ध डिजिटल गतिविधि की स्थिति में तुरंत अभिभावकों, शिक्षकों या पुलिस को सूचित करने के महत्व को रेखांकित किया गया।
JY2B.jpeg)
कार्यशाला का मुख्य संदेश यह रहा कि साइबर सुरक्षा केवल एक तकनीकी विषय नहीं, बल्कि प्रत्येक डिजिटल उपयोगकर्ता की व्यक्तिगत जिम्मेदारी है। विद्यालय की प्राचार्या श्रीमती सुमिता सरकार ने कहा कि बढ़ते डिजिटलीकरण के दौर में छात्रों में सुरक्षित और जिम्मेदार डिजिटल आदतों का विकास समय की मांग है। कार्यक्रम का संचालन वरिष्ठ व्याख्याता श्री तरुण कुमार साहू ने किया तथा उप-प्राचार्या श्रीमती सविता तिवारी ने उपस्थित अतिथियों, वक्ताओं व सहभागियों के प्रति धन्यवाद ज्ञापित किया।





















