

बीएस6 मानकों के अनुरूप आधुनिक उपकरणों से परिचालन एवं रखरखाव क्षमता होगी मजबूत, पर्यावरण प्रबंधन को भी मिलेगा बेहतर समर्थन
Raipur chhattisgarh VISHESH / भिलाई इस्पात संयंत्र के प्लांट गैरेज ने अपने उपकरण बेड़े का विस्तार करते हुए तीन नए रफ टेरेन (आरटी) क्रेन, एक मैन लिफ्टर तथा एक टाटा विंगर पैसेंजर वैन को शामिल किया है। इन आधुनिक उपकरणों का उद्घाटन 17 अगस्त 2026 को प्लांट गैरेज परिसर में भिलाई इस्पात संयंत्र के निदेशक प्रभारी चित्तरंजन महापात्र ने किया। इस अवसर पर उन्होंने उपकरणों को संबंधित विभागों के विभागाध्यक्षों को औपचारिक रूप से सौंपा।
कार्यक्रम में कार्यपालक निदेशक (सामग्री प्रबंधन) ए. के. चक्रवर्ती, कार्यपालक निदेशक (वित्त एवं लेखा) प्रवीण निगम, कार्यपालक निदेशक (परियोजनाएं) प्रबीर कुमार सरकार, कार्यपालक निदेशक (वर्क्स) राकेश कुमार, कार्यपालक निदेशक (माइंस) कमल भास्कर, कार्यपालक निदेशक (रावघाट) अरुण कुमार तथा मुख्य महाप्रबंधक प्रभारी (मशीनरी एवं उपयोगिताएं) बी. के. बेहेरा सहित प्लांट गैरेज के अन्य मुख्य महाप्रबंधक, महाप्रबंधक, वरिष्ठ अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।


नए उपकरणों में प्लांट गैरेज के लिए 75 टन और 40 टन क्षमता वाले दो आरटी क्रेन, कोकओवन विभाग के लिए 40 टन क्षमता वाला एक आरटी क्रेन, केंद्रीय अभियांत्रिकी विभाग के लिए एक मैन लिफ्टर तथा पर्यावरण प्रबंधन विभाग के लिए एक टाटा विंगर पैसेंजर वैन शामिल हैं। इन उपकरणों के शामिल होने से प्लांट गैरेज, कोकओवन, केंद्रीय अभियांत्रिकी विभाग तथा पर्यावरण प्रबंधन विभाग की परिचालन और रखरखाव संबंधी आवश्यकताओं को अधिक प्रभावी ढंग से पूरा करने में मदद मिलेगी।
इस अवसर पर निदेशक प्रभारी चित्तरंजन महापात्र ने प्लांट गैरेज बिरादरी को संबोधित करते हुए कहा कि आधुनिक उपकरणों का समावेश संयंत्र में सुरक्षा, दक्षता और उत्पादकता बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। भारत स्टेज-6 (बीएस6) उत्सर्जन मानकों के अनुरूप ये उपकरण सामग्री प्रबंधन और रखरखाव कार्यों को अधिक प्रभावी बनाने के साथ पर्यावरण प्रबंधन को सुदृढ़ करेंगे तथा सुरक्षित और सतत परिचालन में योगदान देंगे।
महापात्र ने परियोजना प्रबंधक एवं महाप्रबंधक (प्लांट गैरेज) बी. डी. बाबू, परियोजना समन्वयक एवं महाप्रबंधक (प्लांट गैरेज) प्रदीप्त भौमिक, परियोजना, योजना एवं निष्पादन (पीपीएंडई) विभाग की मशीनरी-मुख्य निवेश परियोजना प्रबंधन (एमएम-आईपीएम) टीम तथा प्लांट गैरेज की पूरी टीम द्वारा रिकॉर्ड समय में खरीद प्रक्रिया पूरी करने के लिए किए गए प्रयासों की सराहना की। कार्यपालक निदेशक (सामग्री प्रबंधन) ए. के. चक्रवर्ती ने प्लांट गैरेज टीम के समन्वित प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि विभिन्न टीमों के प्रभावी समन्वय और सतत प्रयासों से इन महत्वपूर्ण परिसंपत्तियों की खरीद प्रक्रिया समयबद्ध एवं सुचारु रूप से पूरी हो सकी।
कार्यपालक निदेशक (परियोजनाएं) प्रबीर कुमार सरकार ने कहा कि संयंत्र की बढ़ती परिचालन आवश्यकताओं को पूरा करने और विस्तार परियोजनाओं को प्रभावी समर्थन देने के लिए आधुनिक उपकरणों का समावेश महत्वपूर्ण है। उन्होंने उपकरणों की समयबद्ध कमीशनिंग सुनिश्चित करने के लिए प्लांट गैरेज टीम की सराहना की। कार्यपालक निदेशक (वर्क्स) राकेश कुमार ने कहा कि विश्वसनीय और आधुनिक उपकरण सुचारु दैनिक परिचालन की आधारशिला हैं। नए उपकरण रखरखाव एवं सामग्री प्रबंधन क्षमताओं को बढ़ाने के साथ कर्मचारियों के लिए अधिक सुरक्षित कार्य वातावरण सुनिश्चित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।
मुख्य महाप्रबंधक प्रभारी (मशीनरी एवं उपयोगिताएं) बी. के. बेहेरा ने संयंत्र के उपकरण बेड़े के रखरखाव एवं आधुनिकीकरण में प्लांट गैरेज टीम के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि नए उपकरणों के शामिल होने से परिचालन क्षमता बढ़ेगी और कर्मचारियों के लिए अधिक सुरक्षित कार्य वातावरण तैयार करने में मदद मिलेगी। नए आरटी क्रेन और मैन लिफ्टर आधुनिक तकनीक से लैस हैं तथा बेहतर लिफ्टिंग और रीच क्षमता के साथ उच्च परिचालन दक्षता प्रदान करेंगे। वहीं, टाटा विंगर पैसेंजर वैन पर्यावरण प्रबंधन विभाग की फील्ड एवं परिवहन संबंधी आवश्यकताओं के लिए सुरक्षित और सुचारु आवागमन सुनिश्चित करेगी।
आरटी क्रेन की इन-हाउस उपलब्धता से अनुबंधित क्रेन पर निर्भरता कम होने की उम्मीद है। इससे अनुबंधित व्यय में कमी के साथ महत्वपूर्ण रखरखाव एवं शटडाउन कार्यों के दौरान क्रेन की समय पर उपलब्धता सुनिश्चित होगी और कार्यों का निष्पादन अधिक तेजी से किया जा सकेगा। आधुनिक उपकरणों के इस विस्तार से संयंत्र की परिचालन क्षमता मजबूत होने के साथ लागत में कमी और वित्तीय बचत को भी बढ़ावा मिलेगा।





















