

राष्ट्रीय वरिष्ठ नागरिक दिवस के अवसर पर पेंशन संबंधी सेवाओं, डिजिटल जागरूकता और स्वास्थ्य जांच के लिए आयोजित होंगे विशेष कार्यक्रम
प्रविष्टि तिथि: 17 AUG 2026 6:11PM
राष्ट्रीय वरिष्ठ नागरिक दिवस के अवसर पर वरिष्ठ नागरिकों के अमूल्य योगदान, अनुभव और राष्ट्र सेवा के प्रति सम्मान व्यक्त करने के उद्देश्य से 21 अगस्त 2026 को कार्यालय संयुक्त नियंत्रक, संचार लेखा, छत्तीसगढ़ परिमंडल, रायपुर में विभिन्न जनकल्याणकारी एवं जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम का उद्देश्य वरिष्ठ नागरिकों और पेंशनरों को सम्मानित करने के साथ उन्हें डिजिटल सेवाओं, स्वास्थ्य सुविधाओं तथा विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं से जोड़ना है।

कार्यक्रम के अंतर्गत के.वाई.पी. (Know Your Pensioner) शिविर, पेंशनर पहचान पत्र शिविर तथा डिजिटल जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इन गतिविधियों के माध्यम से पेंशनरों को पेंशन से संबंधित आवश्यक जानकारी, डिजिटल माध्यमों के सुरक्षित एवं प्रभावी उपयोग तथा उपलब्ध सेवाओं की जानकारी दी जाएगी। पेंशन संबंधी सेवाओं को अधिक सुगम और सुविधाजनक बनाने के उद्देश्य से वरिष्ठ पेंशनरों की आवश्यकताओं के अनुरूप मार्गदर्शन भी प्रदान किया जाएगा।
वरिष्ठ नागरिकों के स्वास्थ्य को प्राथमिकता देते हुए निःशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन भी किया जाएगा। शिविर में आवश्यक स्वास्थ्य जांच के साथ चिकित्सकीय परामर्श उपलब्ध कराया जाएगा। इसके साथ ही पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक उत्तरदायित्व का संदेश देने के लिए वृक्षारोपण अभियान भी आयोजित किया जाएगा।
इस अवसर पर वरिष्ठ पेंशनरों के अनुभव, सेवाओं और राष्ट्र निर्माण में उनके योगदान के प्रति सम्मान व्यक्त करते हुए उनका विशेष सम्मान एवं अभिनंदन किया जाएगा। कार्यक्रम में ‘कैप्चर द मेमोरीज’ थीम पर सेल्फी प्वाइंट और फोटो बूथ भी स्थापित किया जाएगा, जहां वरिष्ठ नागरिक इस विशेष अवसर की स्मृतियों को संजो सकेंगे।
राष्ट्रीय वरिष्ठ नागरिक दिवस के अवसर पर आयोजित यह कार्यक्रम वरिष्ठ नागरिकों के प्रति सम्मान, संवेदनशीलता और कृतज्ञता की भावना को सुदृढ़ करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। कार्यक्रम के माध्यम से यह संदेश भी दिया जाएगा कि वरिष्ठ नागरिकों का अनुभव, ज्ञान और राष्ट्र के प्रति उनका योगदान समाज के लिए सदैव प्रेरणास्रोत है।
******
आरडीजे/बीकेटी





















