







Raipur chhattisgarh VISHESH / राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (एनआईटी) रायपुर में 15 अगस्त 2026 को 80वां स्वतंत्रता दिवस हर्षोल्लास और देशभक्ति की भावना के साथ मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ माननीय निदेशक डॉ. एन. वी. रमना राव द्वारा राष्ट्रीय ध्वज फहराने के साथ हुआ। इसके पश्चात राष्ट्रगीत, राष्ट्रगान का गायन किया गया एवं राष्ट्रीय कैडेट कोर (एनसीसी) द्वारा परेड का प्रदर्शन किया गया जिसका अवलोकन माननीय निदेशक महोदय द्वारा किया गया। इस अवसर पर संस्थान के रजिस्ट्रार, सभी डीन, विभागाद्यक्ष, फैकल्टी सदस्य, अधिकारी, कर्मचारी एवं छात्र-छात्राएं बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
इसके बाद सभा को संबोधित करते हुए माननीय निदेशक महोदय ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस केवल कैलेंडर की एक तारीख नहीं, बल्कि उन असंख्य वीरों के त्याग और बलिदान को स्मरण करने का अवसर है, जिन्होंने हमें स्वतंत्र जीवन दिया। 80वें स्वतंत्रता दिवस और वंदे मातरम् की 150वीं वर्षगांठ के अवसर पर उन्होंने राष्ट्रीय एकता, स्वतंत्रता की विरासत और युवा शक्ति की भूमिका पर विशेष बल दिया। उन्होंने कहा कि एनआईटी रायपुर की प्रगति फैकल्टी, विद्यार्थियों और कर्मचारियों के सामूहिक प्रयासों का परिणाम है और संस्थान शिक्षा, अनुसंधान, नवाचार तथा राष्ट्रनिर्माण के माध्यम से देश की प्रगति में योगदान दे रहा है।

उन्होंने संस्थान की शैक्षणिक, अनुसंधान, इन्फ्रास्ट्रक्चर, एंट्रप्रिन्योरशिप और प्लेसमेंट क्षेत्र की उपलब्धियों के साथ-साथ फैकल्टी, एलुमनाई और विद्यार्थियों की राष्ट्रीय स्तर की सफलताओं का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता की वास्तविक भावना तभी सार्थक होगी जब हम एकजुट होकर अपने ज्ञान, प्रतिभा और प्रयासों का उपयोग राष्ट्रनिर्माण में करें। उन्होंने सभी के योगदान के लिए आभार व्यक्त करते हुए युवा शक्ति से भारत को नई ऊंचाइयों तक ले जाने का आह्वान किया।
इसके पश्चात हर घर तिरंगा रैली का आयोजन किया गया, जिसमें संस्थान के फैकल्टी सदस्यों, कर्मचारियों एवं विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। रैली के माध्यम से राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान, देशभक्ति और राष्ट्रीय एकता का संदेश दिया गया | इस दौरान विजयी विश्व तिरंगा प्यारा, झंडा ऊँचा रहे हमारा, जय जवान जय किसान, भारत माता की जय जैसे नारों से संस्थान गूंज उठा । इसके बाद गो ग्रीन क्लब के ग्रीन एंड क्लीन कैम्पस इनीशीएटिव के अंतर्गत ऑक्सी-जोन में वृक्षारोपण अभियान आयोजित किया गया, जिसमे सभी सदस्यों द्वारा विभिन्न पौधे रोपित किये गए। इस पहल का उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण, हरित परिसर और सतत विकास के प्रति जागरूकता को बढ़ावा देना था। इसके बाद स्वतंत्रता दिवस दौड़ का आयोजन किया गया , जिसमें सभी ने सक्रीय रूप से भाग लिया |
अंत में कार्यक्रम में सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से भारत की विविध सांस्कृतिक विरासत को प्रदर्शित किया गया। सर्वप्रथम आयुष कोसले ने एक सुन्दर कविता की प्रस्तुति दी, इसके बाद रागा क्लब द्वारा बेखौफ़ आज़ाद है जीना मुझे एवं जय हो की प्रस्तुति और नृत्यम क्लब के शानदार नृत्य ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। इस दौरान संस्थान के पब्लिक एंड मीडिया रिलेशन सेल द्वारा देश के वीर स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान को समर्पित एक डोक्युमेंट्री का प्रदर्शन किया गया | इस दौरान छ.ग. के वीर सपूतों जैसे शहीद वीर नारायण सिंह, गुंडाधुर, पं सुन्दरलाल शर्मा, डॉ खूबचंद बघेल जैसे वीर शहीदों की गाथाओं का विडियो प्रस्तुती के माध्यम से शानदार प्रदर्शन किया गया | इसके बाद अभिनय क्लब द्वारा आज़ादी और विभाजन पर आधारित प्रभावशाली नाट्य ने स्वतंत्रता संग्राम और विभाजन की पीड़ा को जीवंत रूप में प्रस्तुत किया। अंत में संस्थान के रागा क्लब द्वारा जय हो गाने के गायन के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ |
यह स्वतंत्रता दिवस केवल अतीत के गौरव को स्मरण करने का अवसर नहीं, बल्कि एक ऐसे भविष्य के निर्माण का संकल्प है जिसमें युवा शक्ति, ज्ञान, नवाचार और सामूहिक प्रयास भारत को नई ऊंचाइयों तक ले जाएं।





















