

Raipur chhattisgarh VISHESH / सांख्यिकी एवं कार्यक्रम कार्यान्वयन मंत्रालय, भारत सरकार के निर्देशानुसार आयोजित स्वच्छता पखवाड़ा-2026 के तहत राष्ट्रीय सांख्यिकीय कार्यालय (नेशनल स्टैटिस्टिकल ऑफिस-एनएसओ), उप क्षेत्रीय कार्यालय, दुर्ग ने शुक्रवार को भिलाई में वृहद वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया। कार्यक्रम का आयोजन भारतीय इस्पात प्राधिकरण लिमिटेड (स्टील अथॉरिटी ऑफ इंडिया लिमिटेड-सेल) के भिलाई इस्पात संयंत्र (भिलाई स्टील प्लांट-बीएसपी) के उद्यानिकी विभाग के सहयोग से सेक्टर-9 स्थित स्ट्रीट-22 के खुले मैदान में किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ राष्ट्रीय सांख्यिकीय कार्यालय, उप क्षेत्रीय कार्यालय, दुर्ग के सहायक निदेशक अभिषेक शुक्ला ने सिंदूर का पौधा रोपकर किया। इस अवसर पर भिलाई इस्पात संयंत्र के महाप्रबंधक (उद्यानिकी) एन.के. जैन मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। विशिष्ट अतिथियों में उप महाप्रबंधक विक्रांत सरन, राजेश कुमार शर्मा तथा शंकर अग्रवाल शामिल रहे। सभी अतिथियों ने पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।


कार्यक्रम में राष्ट्रीय सांख्यिकीय कार्यालय के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने विभिन्न प्रजातियों के पौधे लगाए तथा उनकी नियमित देखभाल और संरक्षण का संकल्प लिया। प्रतिभागियों ने कहा कि वृक्षारोपण से हरित आवरण बढ़ाने, जैव विविधता के संरक्षण और पर्यावरणीय संतुलन बनाए रखने में महत्वपूर्ण योगदान मिलेगा। सहायक निदेशक अभिषेक शुक्ला ने कहा कि यह अभियान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के वृक्षारोपण को जन आंदोलन बनाने के आह्वान को आगे बढ़ाने का प्रयास है। उन्होंने कहा कि अधिक से अधिक पौधारोपण और उनका संरक्षण ही आने वाली पीढ़ियों के लिए सुरक्षित एवं हरित पर्यावरण सुनिश्चित करेगा।

मुख्य अतिथि एन.के. जैन ने राष्ट्रीय सांख्यिकीय कार्यालय की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि वृक्षारोपण जैसे सतत प्रयास पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ समाज में जनभागीदारी को भी बढ़ावा देते हैं। उन्होंने लोगों से अधिकाधिक पौधे लगाने और उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करने का आह्वान किया। कार्यक्रम के समापन पर अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने रोपे गए पौधों में पानी और जैविक खाद डालकर उनके संरक्षण की जिम्मेदारी निभाने का संकल्प लिया। आयोजन पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता और संस्थागत सामाजिक उत्तरदायित्व की दिशा में एक सार्थक पहल के रूप में संपन्न हुआ।

****
एसके/बीकेटी





















