
अरविंद केजरीवाल ने केंद्र सरकार के ई20 कार्यक्रम पर सवाल खड़ा किए हैं
आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने शुक्रवार को कहा कि वह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र लिखकर 20 फ़ीसदी एथेनॉल मिश्रित पेट्रोल (ई20) कार्यक्रम वापस लेने की मांग करेंगे.

उनका आरोप है कि इससे वाहनों का माइलेज प्रभावित हो रहा है और लोगों के बीच चिंता बढ़ी है.
एक्स पर केजरीवाल ने दावा किया कि केंद्र सरकार ने 30 जून को अटॉर्नी जनरल के ज़रिए सुप्रीम कोर्ट को बताया था कि ई20 ईंधन कार्यक्रम ‘एक प्रयोग’ है और इसका आगे का रास्ता उसके नतीजों पर निर्भर करेगा.
ई20 ईंधन कार्यक्रम लागू करने पर सवाल उठाते हुए केजरीवाल ने कहा कि इस तरह का कोई भी प्रयोग पहले सीमित संख्या में वाहनों पर किया जाना चाहिए. उसके बाद ही इसे बड़े पैमाने पर लागू किया जाना चाहिए l उन्होंने आरोप लगाया कि अदालत की कार्यवाही से जुड़ी मीडिया रिपोर्ट सामने आने के बाद केंद्र सरकार ने ऐसा कोई बयान देने से इनकार कर दिया और उन रिपोर्टों को ग़लत बताया.





















