



विभिन्न योगासनों के प्रदर्शन के साथ रंगोली और प्रश्न मंच प्रतियोगिताओं से ग्रामीणों को किया गया जागरूक
Raipur chhattisgarh VISHESH / भारत सरकार के सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय के केंद्रीय संचार ब्यूरो, क्षेत्रीय कार्यालय अंबिकापुर द्वारा आज 12वें “अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस” के अंतर्गत सरगुजा जिले के अंबिकापुर ब्लॉक स्थित ग्राम सखौली के उच्चतर माध्यमिक शाला में एक दिवसीय विशेष जन जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में विद्यालय की प्राचार्या श्रीमती अनीता कुजूर, संकुल समन्वयक सलीम खान, शिक्षकगण, बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं और स्थानीय ग्रामीण उपस्थित रहे।

सत्र के दौरान उपस्थित जनसमुदाय को स्वस्थ रहने के लिए विभिन्न महत्वपूर्ण योगासनों जैसे ताड़ासन, अनुलोम-विलोम, वज्रासन, पवनमुक्तासन, भ्रामरी, सूर्य नमस्कार और हलासन का जीवंत अभ्यास कराया गया और उनके लाभों के बारे में सिखाया गया।
जन जागरूकता को बढ़ावा देने के लिए कार्यक्रम के अंतर्गत विभिन्न प्रतियोगिताओं का भी आयोजन किया गया। इस अवसर पर स्थानीय महिलाओं ने आकर्षक रंगोली बनाकर लोगों को नियमित योग करने के लिए प्रेरित किया। इसके साथ ही, विभाग द्वारा एक ‘प्रश्न मंच’ (क्विज) का भी आयोजन किया गया, जिसमें योग और स्वास्थ्य से जुड़े सही उत्तर देने वाले विजेता प्रतिभागियों को विभाग की ओर से पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया।
आरडीजे/पीजे






















