
60 किलोमीटर दूर स्थित गांव में अब हर घर तक पहुंच रहा शुद्ध पेयजल, 134 परिवारों को मिली बड़ी राहत
Raipur chhattisgarh VISHESH / रायपुर, 10 जून 2026


मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में प्रदेश में संचालित जल जीवन मिशन दूरस्थ और वनांचल क्षेत्रों में भी जीवन की गुणवत्ता में सकारात्मक बदलाव ला रहा है। जशपुर जिले के कुनकुरी विकासखंड स्थित ग्राम पुटुकेला इसका एक उत्कृष्ट उदाहरण बनकर उभरा है, जहां आज प्रत्येक परिवार को घर पर ही नल के माध्यम से नियमित शुद्ध एवं सुरक्षित पेयजल उपलब्ध हो रहा है।
जिला मुख्यालय से लगभग 60 से 70 किलोमीटर दूर घने जंगलों के बीच बसे इस वनांचल ग्राम में भौगोलिक चुनौतियों के बावजूद जल जीवन मिशन के अंतर्गत सुदृढ़ पेयजल व्यवस्था विकसित की गई है। ग्राम में स्थापित चार उच्च स्तरीय जलागारों के माध्यम से 134 फंक्शनल हाउसहोल्ड टैप कनेक्शनों द्वारा सभी परिवारों तक नियमित रूप से स्वच्छ पेयजल पहुंचाया जा रहा है।
जल जीवन मिशन के क्रियान्वयन से पहले ग्रामवासी पेयजल के लिए कुओं एवं अन्य पारंपरिक जल स्रोतों पर निर्भर थे। महिलाओं और बच्चों को प्रतिदिन लंबी दूरी तय कर पानी लाना पड़ता था, जिससे समय और श्रम दोनों की अधिक खपत होती थी। गर्मी के मौसम में जल स्रोतों में पानी की कमी और वर्षा ऋतु में जल की गुणवत्ता प्रभावित होने से ग्रामीणों को अनेक कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था। इसके साथ ही जलजनित बीमारियों का खतरा भी बना रहता था।
मिशन के तहत पाइपलाइन नेटवर्क बिछाकर प्रत्येक घर तक नल कनेक्शन पहुंचाया गया है। अब ग्रामीणों को पेयजल के लिए दूर-दराज के स्रोतों पर निर्भर नहीं रहना पड़ता। घर पर ही नियमित और सुरक्षित पेयजल उपलब्ध होने से ग्रामीणों के जीवन में उल्लेखनीय बदलाव आया है।
शुद्ध पेयजल की उपलब्धता से महिलाओं और बच्चों के समय तथा श्रम की बचत हुई है। बच्चे नियमित रूप से विद्यालय जा पा रहे हैं, वहीं महिलाएं घरेलू कार्यों के साथ-साथ आजीविका संबंधी गतिविधियों में भी अधिक समय दे पा रही हैं। सुरक्षित पेयजल उपलब्ध होने से ग्रामीणों के स्वास्थ्य स्तर में सुधार हुआ है तथा जलजनित बीमारियों में कमी दर्ज की गई है।
जल जीवन मिशन के निर्धारित मानकों के अनुरूप सभी परिवारों को नियमित नल जल सुविधा उपलब्ध कराए जाने के फलस्वरूप लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग द्वारा ग्राम पुटुकेला का ष्हर घर जलष् प्रमाणीकरण भी पूर्ण किया जा चुका है।
ग्रामवासियों ने जल जीवन मिशन के प्रति संतोष व्यक्त करते हुए कहा कि इस योजना ने उनके जीवन में ऐतिहासिक परिवर्तन लाया है। आज गांव के प्रत्येक परिवार को घर पर ही शुद्ध एवं सुरक्षित पेयजल मिल रहा है, जिससे जीवन स्तर, स्वास्थ्य और दैनिक गतिविधियों में उल्लेखनीय सुधार आया है। जल जीवन मिशन ग्रामीण क्षेत्रों में सुशासन और बुनियादी सुविधाओं की पहुंच सुनिश्चित करने की दिशा में एक प्रभावी पहल साबित हो रहा है।





















