

चेकर्ड प्लेट्स के फिर से उत्पादन शुरू करने के साथ, उत्पाद पोर्टफोलियो का किया विस्तार
प्रविष्टि तिथि: 11 MAR 2026 6:13PM by PIB Raipur
देश की सार्वजनिक क्षेत्र की सबसे बड़ी इस्पात उत्पादक महारत्न कंपनी स्टील अथॉरिटी ऑफ इंडिया लिमिटेड (सेल) ने वित्त वर्ष 2025–26 के अप्रैल से फरवरी (11 माह) की अवधि के दौरान अब तक की सर्वश्रेष्ठ बिक्री दर्ज की है। कंपनी ने इस अवधि में कुल 18.24 मिलियन टन (एमटी) इस्पात की रिकॉर्ड बिक्री की, जो पिछले वर्ष की समान अवधि की तुलना में लगभग 14 प्रतिशत अधिक है।

कंपनी ने इसी अवधि में 1.11 लाख करोड़ रुपये का अब तक का सर्वाधिक नकद संग्रह (कैश कलेक्शन) भी हासिल किया, जो वर्ष-दर-वर्ष आधार पर लगभग 10 प्रतिशत की वृद्धि को दर्शाता है। इस दौरान रिटेल बिक्री, स्टॉकयार्ड बिक्री और डोर डिलीवरी में उल्लेखनीय सुधार दर्ज किया गया, जो कंपनी के मजबूत ग्राहक-केंद्रित दृष्टिकोण को रेखांकित करता है।

फरवरी 2026 के दौरान स्टील अथॉरिटी ऑफ इंडिया लिमिटेड (सेल) ने कुल 1.58 मिलियन टन इस्पात की बिक्री दर्ज की। इसी अवधि में कंपनी ने अपने इन्वेंट्री स्तर में जनवरी 2026 की तुलना में लगभग 1.05 लाख टन की कमी लाते हुए बेहतर प्रबंधन का प्रदर्शन किया। साथ ही कंपनी ने अपने उधार (बॉरोइंग्स) में भी 1000 करोड़ रुपये की कमी की है।
बाजार की विशिष्ट आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए कंपनी ने चेकर्ड प्लेट्स (Chequered Plates) का उत्पादन भी पुनः प्रारंभ किया है। पहली बार झारखंड स्थित बोकारो स्टील प्लांट से चेकर्ड प्लेट्स का उत्पादन किया जा रहा है, जिससे कंपनी के उत्पाद पोर्टफोलियो का विस्तार हुआ है और विभिन्न क्षेत्रों की मांग को पूरा करने में मदद मिलेगी।
इस उपलब्धि पर टिप्पणी करते हुए स्टील अथॉरिटी ऑफ इंडिया लिमिटेड (सेल) के निदेशक (वित्त) तथा निदेशक (वाणिज्यिक) का अतिरिक्त प्रभार संभाल रहे डॉ. ए.के. पांडा ने कहा कि कंपनी बाजार की जरूरतों के अनुरूप तेजी से खुद को ढालते हुए आगे बढ़ने के लिए तैयार है। उन्होंने कहा कि इन्वेंट्री और वर्किंग कैपिटल का कुशल प्रबंधन कंपनी के मजबूत वित्तीय अनुशासन को दर्शाता है, जबकि रिकॉर्ड बिक्री और नकद संग्रह ग्राहकों द्वारा कंपनी पर जताए गए भरोसे का प्रमाण है।








