

प्रविष्टि तिथि: 29 JAN 2026 5:24PM by PIB Raipur
राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (एनआईटी) रायपुर के सेंटर ऑफ एक्सीलेंस इन रोबोटिक्स एंड ऑटोमेशन द्वारा जन्यु टेक के सहयोग से 29 जनवरी 2026 को औद्योगिक रोबोट्स के वास्तविक उपयोगों पर आधारित प्रदर्शन कार्यक्रम “रोबो शो” का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य उद्योग और शिक्षा जगत के बीच सहयोग को सुदृढ़ करना, युवाओं को कौशल-आधारित प्रशिक्षण प्रदान करना तथा समाज और उद्योग के लिए रोबोटिक्स आधारित व्यावहारिक समाधान विकसित करना रहा।


कार्यक्रम के मुख्य अतिथि छत्तीसगढ़ शासन के तकनीकी एवं उच्च शिक्षा विभाग के सचिव, भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) अधिकारी डॉ. एस. भारतीदासन रहे। विशेष अतिथि के रूप में रायपुर नगर निगम के आयुक्त, भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) अधिकारी श्री विश्वदीप उपस्थित रहे। विशिष्ट अतिथियों में भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान हैदराबाद के प्रोफेसर डॉ. सी. कृष्ण मोहन तथा जन्यु टेक के प्रबंध निदेशक श्री अभिमन्यु राजा शामिल रहे। कार्यक्रम में एनआईटी रायपुर के निदेशक डॉ. एन. वी. रमना राव, इलेक्ट्रॉनिक्स एवं संचार अभियांत्रिकी विभाग के प्रोफेसर श्री श्रीष वर्मा, रोबोटिक्स क्लब के प्रभारी प्रोफेसर डॉ. राजेश डोरिया, संकाय सदस्य एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।

प्रारंभिक संबोधन में प्रोफेसर श्रीष वर्मा ने कार्यक्रम के उद्देश्यों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि उद्योग की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए रोबोटिक्स एवं ऑटोमेशन में उत्कृष्टता केंद्र की स्थापना इस पहल का प्रमुख लक्ष्य है। उन्होंने बताया कि जन्यु टेक द्वारा प्रदान किए गए चार औद्योगिक रोबोट्स वास्तविक औद्योगिक समस्याओं के समाधान और व्यावहारिक प्रशिक्षण में सहायक होंगे। उन्होंने रोबोटिक्स को बहुविषयक क्षेत्र बताते हुए सभी विभागों की सहभागिता तथा कुशल रोबोट ऑपरेटरों के सशक्त पारिस्थितिकी तंत्र की आवश्यकता पर बल दिया।

श्री अभिमन्यु राजा ने अपने संबोधन में कहा कि निरंतर औद्योगिक उत्पादन बनाए रखने में रोबोटिक्स की महत्वपूर्ण भूमिका है, क्योंकि रोबोट्स चौबीसों घंटे कार्य कर सकते हैं। उन्होंने ‘शून्य दुर्घटना’ लक्ष्य की दिशा में रोबोट्स की उपयोगिता को रेखांकित करते हुए कहा कि जोखिमपूर्ण औद्योगिक कार्यों में रोबोट्स का उपयोग मानव जीवन की सुरक्षा सुनिश्चित करता है। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि केवल सिमुलेशन आधारित प्रशिक्षण पर्याप्त नहीं है, बल्कि वास्तविक सीख के लिए उद्योग और संस्थान के बीच सशक्त सहयोग आवश्यक है।

प्रोफेसर डॉ. सी. कृष्ण मोहन ने एनआईटी रायपुर को निरंतर सकारात्मक शैक्षणिक एवं तकनीकी गतिविधियों के लिए बधाई दी और विद्यार्थियों द्वारा विकसित परियोजनाओं की सराहना की। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि एनआईटी रायपुर भविष्य में देश के अग्रणी तकनीकी संस्थानों में स्थान प्राप्त करेगा।

अपने संबोधन में निदेशक डॉ. एन. वी. रमना राव ने कहा कि रोबोटिक्स युवाओं को नवाचार की ओर प्रेरित करने वाला क्षेत्र है। उन्होंने खनन सुरंगों, खतरनाक औद्योगिक कार्यों, गुणवत्ता नियंत्रण, विशेष रसायनों के संचालन, औषधि निर्माण तथा स्वास्थ्य सेवाओं में रोबोट्स की बढ़ती भूमिका पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि उत्कृष्टता केंद्र का मुख्य उद्देश्य सैद्धांतिक ज्ञान और व्यावहारिक अनुभव के बीच की खाई को पाटना है।
विशेष अतिथि श्री विश्वदीप ने नगर प्रशासन के अनुभव साझा करते हुए कहा कि नालियों की सफाई, जल आपूर्ति और सीवर लाइन से जुड़े कार्यों में जानलेवा दुर्घटनाएं होती हैं। उन्होंने सेप्टिक टैंक सफाई जैसे कार्यों में रोबोटिक्स के उपयोग को समय की आवश्यकता बताया तथा कुओं और जलाशयों की सफाई एवं गाद निकासी में रोबोट्स को प्रभावी समाधान बताया।








