

प्रविष्टि तिथि: 28 JAN 2026 5:49PM by PIB Raipur
कांकेर। केंद्रीय संचार ब्यूरो, क्षेत्रीय कार्यालय कांकेर द्वारा आज दिनांक 28 जनवरी 2026 को महिला आईटीआई कांकेर परिसर में स्वच्छता पखवाड़े के अंतर्गत विविध जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य छात्राओं एवं आमजन को स्वच्छता के प्रति जागरूक करना एवं स्वच्छ भारत अभियान को जन-जन तक पहुँचाना रहा।

कार्यक्रम की शुरुआत स्वच्छता शपथ के साथ की गई, जिसमें उपस्थित सभी प्रतिभागियों ने स्वच्छता को अपने जीवन का अभिन्न अंग बनाने का संकल्प लिया। महिला आईटीआई की प्रभारी श्रीमती पुष्पा देहारी के मार्गदर्शन में आयोजित इस कार्यक्रम में चित्रकला प्रतियोगिता, गीत-नाटक, स्वच्छता रैली एवं प्रश्न मंच जैसे रचनात्मक एवं ज्ञानवर्धक गतिविधियों के माध्यम से स्वच्छता का संदेश दिया गया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि नगर पालिका कांकेर के अध्यक्ष श्री अरुण कौशिक ने अपने संबोधन में स्वच्छता को सामाजिक जिम्मेदारी बताते हुए कहा कि स्वच्छ वातावरण से ही स्वस्थ समाज का निर्माण संभव है। उन्होंने युवाओं से स्वच्छ भारत अभियान में सक्रिय भागीदारी की अपील की।

जिला आयुष कार्यालय कांकेर के डॉक्टर अरविंद मिश्रा ने हाथ धुलाई की सही विधि एवं व्यक्तिगत स्वच्छता के महत्व पर विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि छोटी-छोटी स्वच्छता संबंधी आदतें कई गंभीर बीमारियों से बचाव में सहायक होती हैं।

नगर पालिका कांकेर के स्वच्छ भारत अभियान के प्रभारी श्री सकेत शर्मा ने शहरी स्वच्छता, कचरा प्रबंधन एवं नागरिक सहभागिता पर प्रकाश डालते हुए नगर पालिका द्वारा किए जा रहे प्रयासों की जानकारी दी। वहीं परिमल फाउंडेशन कांकेर की सुश्री श्वेता तिवारी ने स्वच्छता को जीवनशैली का हिस्सा बनाने पर जोर दिया।
कार्यक्रम के अंत में प्रश्न मंच एवं चित्रकला प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को विभाग की ओर से पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर छात्राओं, शिक्षकों एवं गणमान्य नागरिकों की उल्लेखनीय उपस्थिति रही।
कार्यक्रम ने उपस्थित सभी लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करने के साथ-साथ सामाजिक सहभागिता का प्रेरणादायक संदेश दिया।
**








