

बिहार चुनाव परिणामों पर बीजेपी मुख्यालय में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, “लोहा लोहे को काटता है. बिहार में कुछ दलों ने तुष्टिकरण वाला एम-वाई फ़ॉर्मूला बनाया था. आज की जीत ने नया सकारात्मक एम-वाई फार्मूला दिया है- महिला और यूथ.”
“आज बिहार देश के उन राज्यों में है जहां सबसे ज़्यादा युवाओं की संख्या है और इसमें हर धर्म हर जाति के युवा हैं. उनकी इच्छा है उनकी आकांक्षा और उनके सपनों ने जंगलराज वालों के पुराने सांप्रदायिक एम-वाई फ़ॉर्मूले को ध्वस्त कर दिया है. मैं बिहार के युवाओं, बहनों बेटियों, किसानों, श्रमिकों, दुकानदारों, मछलीपालकों को बधाई देता हूं.”

“नीतीश जी ने शानदार नेतृत्व दिया. बीजेपी के नेताओं ने बहुत मेहनत की. एनडीए के कार्यकर्ताओं ने बूथ लेवल पर अद्भुत तालमेल बिठाया.”
बिहार में एनडीए को भारी बढ़त मिलने के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दिल्ली के बीजेपी मुख्यालय पर पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित किया है.
बिहार विधानसभा चुनाव के मतगणना के रुझानों में एनडीए को मिली भारी बढ़त के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, “बिहार के लोगों ने बिल्कुल गर्दा उड़ा दिया है.”
नई दिल्ली में बीजेपी के मुख्यालय पहुंचे पीएम मोदी ने कहा कि “बिहार के लोगों ने सारे रिकॉर्ड तोड़ दिए. मैंने बिहार के लोगों से प्रचंड विजय दिलाने का आग्रह किया था और जनता ने माना. साल 2010 के बाद का सबसे बड़ा जनादेश दिया.”
“हम एनडीए के लोग जनता जनार्दन के सेवक हैं. हम अपनी मेहनत से जनता का दिल खुश करते रहते हैं. हम तो जनता जनार्दन का दिल चुराकर बैठे हुए हैं. इसीलिए पूरे बिहार ने बता दिया है कि फिर एक बार एनडीए सरकार.”
“मैंने चुनाव में बार बार कहा था और बिहार के चुनाव में जंगलराज की बात करता था, कट्टा सरकार की बात करता था तो आरजेडी को लोग विरोध नहीं करते थे लेकिन कांग्रेस को बुरा लगता था. अब वापस नहीं आएगी कट्टा सरकार.”

उन्होंने कहा, यहां भी मखाना की खीर सबको खिलाई गई है.
शाम क़रीब सात बजे पीएम मोदी दिल्ली में बीजेपी के मुख्यालय पहुंचे. रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने उन्हें मखाना की माला पहनाई. बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने इन नतीजों को प्रधानमंत्री के प्रति ‘अटूट विश्वास’ बताया और ‘महिलाओं को विशेष तौर पर धन्यावाद’ दिया.
पार्टी मुख्यालय जाने से पहले पीएम मोदी ने एक्स पर लिखा
, “अच्छे शासन की जीत हुई है. विकास की जीत हुई है. जनता के पक्ष वाली सोच की जीत हुई है. सामाजिक न्याय की जीत हुई है.”








