

ईपीएफओ ने पेंशनधारकों को दी बड़ी राहत, जीवन प्रमाण पत्र जमा करने की सुविधा अब स्थानीय स्तर पर उपलब्ध
प्रविष्टि तिथि: 06 NOV 2025 5:29PM by PIB Raipur
कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (ई.पी.एफ.ओ.), क्षेत्रीय कार्यालय रायपुर ने क्षेत्र के पेंशनधारकों के हित में एक महत्वपूर्ण सूचना जारी की है। संगठन ने स्पष्ट किया है कि अब पेंशनधारकों को अपना जीवन प्रमाण पत्र (Digital Life Certificate – DLC) जमा करने के लिए रायपुर कार्यालय आने की आवश्यकता नहीं होगी। ई.पी.एफ.ओ. ने प्रमाण पत्र जमा करने के लिए राज्य भर में सुविधाजनक विकल्प उपलब्ध कराए हैं, जिससे वरिष्ठ नागरिकों को यात्रा और प्रतीक्षा जैसी असुविधाओं से मुक्ति मिलेगी।

ई.पी.एफ.ओ. के अनुसार, पेंशनधारक अपने जीवन प्रमाण पत्र को आधार आधारित बायोमेट्रिक प्रमाणीकरण के माध्यम से निम्न स्थानों पर आसानी से अपडेट करा सकते हैं—
• सभी डाकघरों में
• इंडिया पोस्ट पेमेंट्स बैंक (India Post Payments Bank) के माध्यम से
• कॉमन सर्विस सेंटर (CSC)/जन सेवा केंद्रों पर
• जिस बैंक शाखा से पेंशन प्राप्त हो रही है, वहाँ सीधे
• ई.पी.एफ.ओ. और डाक विभाग द्वारा समय-समय पर आयोजित विशेष डी.एल.सी. शिविरों में
संगठन ने बताया कि आधार कार्ड, पेंशन भुगतान आदेश (Pension Payment Order – PPO) नंबर तथा बैंक खाता विवरण साथ होने पर जीवन प्रमाण पत्र तुरंत डिजिटल माध्यम से स्वीकार कर लिया जाता है। यह सुविधा पूरे छत्तीसगढ़ में उपलब्ध है। पेंशनधारकों को पेंशन निर्बाध रूप से जारी रखने के लिए समय पर जीवन प्रमाण पत्र जमा कराना आवश्यक है।

साथ ही, ई.पी.एफ.ओ. द्वारा विशेष डिजिटल लाइफ सर्टिफिकेट अभियान के तहत विभिन्न जिलों में शिविर आयोजित किए जा रहे हैं, जहाँ पंजीकरण और प्रमाणन की सुविधा स्थल पर ही उपलब्ध कराई जा रही है। अधिक जानकारी के लिए पेंशनधारक https://ipension.nic.in/dlcportal/ पोर्टल पर जा सकते हैं।








