

ग्रामीण बेटियों को मिला नया संबल: कांकेर में 70 छात्राओं को साइकिलें वितरित
बेटियों की शिक्षा के मार्ग में बढ़ा आत्मनिर्भरता का पहिया – कांकेर में एनएचएआई ने छात्राओं को बांटी साइकिलें
प्रविष्टि तिथि: 06 NOV 2025 6:11PM by PIB Raipur
ग्रामीण क्षेत्रों की बालिकाओं को शिक्षा के प्रति प्रोत्साहित करने और उनके आत्मनिर्भर भविष्य की नींव को सशक्त बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल करते हुए भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) तथा मे. दिलीप बिल्डकॉन लिमिटेड के संयुक्त तत्वावधान में नरहरपुर तहसील के ग्राम दाबीपानी में साइकिल वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में कुल 70 छात्राओं को साइकिलें प्रदान की गईं, जिससे उनके विद्यालय आवागमन को सरल और सुरक्षित बनाया जा सके।

एन.एच.ए.आई. अभनपुर परियोजना कार्यान्वयन इकाई के परियोजना निदेशक शमशेर सिंह ने कार्यक्रम के दौरान कहा कि बेटियां देश का भविष्य हैं, उनके लिए शिक्षा की राह को आसान बनाना हमारा कर्तव्य है। साइकिल से उन्हें न केवल स्कूल जाने में सहूलियत होगी बल्कि आत्मनिर्भरता और आत्मविश्वास की भावना भी विकसित होगी।

कार्यक्रम में परियोजना कार्यान्वयन इकाई अभनपुर के टेक्निकल मैनेजर प्रखर अग्रवाल, मनीष तिवारी, संजीव कुमार सिंह और उमेश कुमार सहित शिक्षकगण एवं बड़ी संख्या में स्कूली छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

इस पहल को स्थानीय समुदाय द्वारा अत्यंत सकारात्मक रूप से सराहा गया, जिसे ग्रामीण बेटियों के शिक्षा अधिकार और सामाजिक भागीदारी को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।








