

प्रविष्टि तिथि: 27 OCT 2025 6:29PM by PIB Raipur
Raipur chhattisgarh VISHESH सार्वजनिक क्षेत्र के महारत्न उपक्रम, स्टील अथॉरिटी ऑफ इंडिया लिमिटेड (सेल) के भिलाई इस्पात संयंत्र में ‘सतर्कता जागरूकता सप्ताह 2025’ का औपचारिक शुभारंभ सोमवार को संयंत्र के मानव संसाधन विकास (एचआरडी) केन्द्र में हुआ। केन्द्रीय सतर्कता आयोग (सीवीसी) द्वारा 27 अक्टूबर से 2 नवम्बर 2025 तक आयोजित हो रहे इस वर्ष के सतर्कता जागरूकता सप्ताह की थीम “सतर्कता: हमारी साझा जिम्मेदारी” निर्धारित की गई है।

इस अवसर पर सेल-भिलाई इस्पात संयंत्र के निदेशक प्रभारी श्री चित्त रंजन महापात्र मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित थे। श्री महापात्र ने भारत के लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर तथा दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इस अवसर पर संयंत्र के कार्यपालक निदेशकगण, मुख्य महाप्रबंधकगण, वरिष्ठ अधिकारी एवं कर्मचारी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।


कार्यक्रम के प्रारंभ में मुख्य महाप्रबंधक (सतर्कता) एवं अतिरिक्त मुख्य सतर्कता अधिकारी (एसीवीओ) श्री सुनील सिंघल ने अतिथियों का स्वागत किया तथा उपस्थित जनों को सत्यनिष्ठा की शपथ दिलाई। अपने स्वागत भाषण में उन्होंने संयंत्र में 18 अगस्त से 17 नवम्बर 2025 तक चल रहे तीन माह के सतर्कता जन-जागरूकता अभियान की रूपरेखा पर प्रकाश डाला।
कार्यक्रम में छात्रा कुमारी नलिनी डड़सेना (कक्षा 10वीं, एसएसएस-10) तथा छात्र श्री सी. एच. पवन कल्याण (कक्षा 12वीं, भिलाई विद्यालय, सेक्टर-2) ने इस वर्ष की थीम “सतर्कता: हमारी साझा जिम्मेदारी” पर अपने विचार प्रस्तुत किए, जिन्हें उपस्थित जनों ने सराहा।
मुख्य अतिथि श्री महापात्र ने विद्यार्थियों के विचारों की प्रशंसा करते हुए कहा कि प्रत्येक व्यक्ति के जीवन में नैतिक उत्कृष्टता और सत्यनिष्ठा का पालन अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि सतर्कता जागरूकता सप्ताह केवल एक औपचारिक आयोजन नहीं, बल्कि यह वर्षभर सतर्कता, सुरक्षा और स्वच्छता के प्रति निरंतर संकल्प का प्रतीक है। उन्होंने संयंत्र के सतर्कता विभाग द्वारा प्रिवेंटिव विजिलेंस (निवारक सतर्कता) की संस्कृति को सुदृढ़ करने हेतु किए जा रहे प्रयासों की सराहना की।
इस अवसर पर भारत के माननीय राष्ट्रपति, माननीय उपराष्ट्रपति, माननीय प्रधानमंत्री तथा केन्द्रीय सतर्कता आयोग के संदेश क्रमशः महाप्रबंधक (सतर्कता) सुश्री रेणु गुप्ता, महाप्रबंधक (सतर्कता) सुश्री दीप्ति राज, उप महाप्रबंधक (सतर्कता) श्री नौशाद तथा वरिष्ठ प्रबंधक (सतर्कता) श्री अनुराग मित्तल द्वारा वाचन किए गए। कार्यक्रम का संचालन उप महाप्रबंधक (सतर्कता) श्री अंशुमान सिंह ने किया तथा अंत में महाप्रबंधक (सतर्कता) सुश्री रेणु गुप्ता ने उपस्थित अतिथियों एवं प्रतिभागियों के प्रति आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर कार्यपालक निदेशक (सामग्री प्रबंधन) श्री ए. के. चक्रवर्ती, कार्यपालक निदेशक (वित्त एवं लेखा) श्री प्रवीण निगम, कार्यपालक निदेशक (मानव संसाधन) श्री पवन कुमार, कार्यपालक निदेशक (परियोजनाएं) श्री पी. के. सरकार, कार्यपालक निदेशक (रावघाट) श्री अरुण कुमार, मुख्य महाप्रबंधक प्रभारी (लौह) श्री तापस दासगुप्ता तथा मुख्य चिकित्सा अधिकारी प्रभारी (चिकित्सा एवं स्वास्थ्य सेवाएं) डॉ. विनीता द्विवेदी सहित अनेक वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।








