





Raipur chhattisgarh VISHESH राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान रायपुर में ‘स्वच्छता ही सेवा विशेष अभियान 5.0’ के अंतर्गत सहयोग क्लब (Sahyog Club) द्वारा आयोजित पांच दिवसीय स्वच्छता जागरूकता कार्यशाला का सफल समापन आज संस्थान परिसर में हुआ। समापन समारोह में प्रोफेसर डी. सी. झारिया (प्रोफेसर इंचार्ज, सोसाइटल कमेटी), डॉ. विवेक कुमार गाबा एवं डॉ. बी. एन. बाग (कार्यशाला संयोजक), तथा डॉ. आशिष कुमार दास और डॉ. मधुकृष्णा प्रियदर्शिनी (फैकल्टी इंचार्ज, सहयोग क्लब एवं कार्यशाला समन्वयक) उपस्थित रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ औपचारिक और उत्साहपूर्ण वातावरण में हुआ, जहाँ वक्ताओं ने सफाई मित्रों के योगदान को सराहते हुए कहा कि वे समाज में स्वच्छता, स्वास्थ्य और सतत् पर्यावरण की नींव हैं, जिनका सम्मान और सहयोग करना प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है।
कार्यशाला के दौरान “स्वच्छता ही सेवा अभियान 2025” के तहत सहयोग क्लब द्वारा 17 और 18 अक्टूबर को नगर निगम जोन 7, रायपुर एवं डंगनिया तालाब, रोहिणीपुरम में सफाई मित्रों के लिए विशेष जागरूकता सत्र आयोजित किए गए। इन सत्रों में व्यक्तिगत स्वच्छता, कार्यस्थल सुरक्षा, तथा दस्ताने, मास्क और बूट जैसे सुरक्षा उपकरणों के सही उपयोग पर प्रशिक्षण दिया गया। साथ ही, प्रतिभागियों को सरकार द्वारा संचालित विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं और सुरक्षा उपायों की जानकारी भी दी गई। इन कार्यक्रमों में सफाई मित्रों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और संस्थान द्वारा इस पहल के लिए आभार व्यक्त किया।

समापन सत्र में डॉ. मधुकृष्णा प्रियदर्शिनी ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत करते हुए माननीय निदेशक, सभी अतिथियों, फैकल्टी सदस्यों और सहयोग क्लब की टीम का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि यह पांच दिवसीय कार्यशाला संस्थान की सामाजिक जिम्मेदारी और स्वच्छ भारत के संकल्प को आगे बढ़ाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण प्रयास है। सहयोग क्लब, एनआईटी रायपुर ने इस अवसर पर स्वच्छता, स्वास्थ्य जागरूकता और सामुदायिक कल्याण को प्रोत्साहित करने के अपने संकल्प को दोहराया, जो एक स्वच्छ, स्वस्थ और सशक्त समाज के निर्माण की दिशा में सराहनीय कदम है।








