

राष्ट्रीय डाक सप्ताह 2025 का शुभारंभ : ‘#पोस्टफॉरपीपल – स्थानीय सेवा, वैश्विक पहुंच’ थीम के साथ कार्यक्रमों की श्रृंखला शुरू
भारतीय डाक विभाग द्वारा प्रतिवर्ष आयोजित राष्ट्रीय डाक सप्ताह का शुभारंभ इस वर्ष 6 अक्टूबर से 10 अक्टूबर 2025 तक किया जा रहा है। सप्ताह की शुरुआत टेक्नोलॉजी दिवस से होगी और समापन ग्राहक दिवस पर किया जाएगा। यह आयोजन विश्व डाक दिवस (9 अक्टूबर) के उपलक्ष्य में मनाया जाता है, जिसकी शुरुआत 1874 में यूनिवर्सल पोस्टल यूनियन (Universal Postal Union – UPU) की स्थापना की वर्षगांठ से हुई थी। इस वर्ष का थीम है — “#पोस्टफॉरपीपल – स्थानीय सेवा, वैश्विक पहुंच”।

सप्ताह के दौरान छत्तीसगढ़ डाक परिमंडल के सभी संभागों में प्रतिदिन विषयवार कार्यक्रम आयोजित होंगे। 6 अक्टूबर को टेक्नोलॉजी दिवस पर डाक सेवाओं में प्रयुक्त तकनीक पर क्विज़ प्रतियोगिता होगी, जबकि 7 अक्टूबर को वित्तीय समावेशन दिवस पर डाक जीवन बीमा (Postal Life Insurance – PLI) और ग्रामीण डाक जीवन बीमा (Rural Postal Life Insurance – RPLI) मेलों के माध्यम से नागरिकों को बचत और बीमा योजनाओं की जानकारी दी जाएगी।
8 अक्टूबर को फिलाटेली एवं नागरिक केंद्रित सेवा दिवस के तहत स्कूलों में आधार कैंप और ढाई आखर पत्र लेखन प्रतियोगिता से संबंधित कार्यशालाएं आयोजित होंगी। 9 अक्टूबर को विश्व डाक दिवस के अवसर पर “पोस्टफॉरपीपल – स्थानीय सेवा, वैश्विक पहुंच” थीम पर रैली और वृक्षारोपण कार्यक्रम होंगे, जबकि 10 अक्टूबर को ग्राहक दिवस के तहत ग्राहक मिलन समारोह आयोजित किए जाएंगे।
राष्ट्रीय डाक सप्ताह का उद्देश्य डाक सेवाओं की आधुनिक, डिजिटल और जनहितैषी पहलों को जनता के निकट लाना तथा ग्राहकों से संवाद के माध्यम से सेवा सुधार को और प्रभावी बनाना है।
आरडीजे








