


Raipur chhattisgarh VISHESH सतर्कता जागरूकता सप्ताह के अवसर पर, भिलाई इस्पात संयंत्र के विपणन एवं व्यवसाय नियोजन विभाग (एम एंड बीपी) ने इस्पात भवन सभागार में कस्टमर मीट समारोह का आयोजन किया। समारोह में डिफेक्टिव स्टील स्क्रैप, स्लैग, कोल केमिकल्स, पिग आयरन और कमर्शियल रेल के ग्राहकों के साथ संयंत्र के सतर्कता, वित्त, सुरक्षा, सी एंड आईटी, एमआरडी और अन्य विभागों के प्रतिनिधि शामिल हुए।
कार्यक्रम का उद्घाटन कार्यपालक निदेशक (सामग्री प्रबंधन) श्री ए. के. चक्रवर्ती ने किया। अपने संबोधन में उन्होंने सभी व्यावसायिक लेन-देन में पारदर्शिता, सत्यनिष्ठा और वैधानिक अनुपालन पर जोर दिया और ग्राहकों के साथ संबंध मजबूत करने पर बल दिया।
मुख्य महाप्रबंधक (सतर्कता) एवं एसीवीओ श्री सुनील सिंघल ने सतर्कता विभाग की कार्यप्रणाली, रिश्वत-विरोधी प्रबंधन प्रणाली (एबीएमएस) और 18 अगस्त से 17 नवंबर 2025 तक चल रहे तीन माह के अभियान के तहत की जा रही पहलों का विस्तृत विवरण साझा किया।
मुख्य महाप्रबंधक (एम एंड बीपी) श्री पी. सुब्बा राव ने प्रतिभागियों का स्वागत किया और तत्पश्चात सतर्कता विभाग द्वारा शपथ ग्रहण समारोह आयोजित किया गया। विपणन विभाग ने सेकेंडरी सेल्स बढ़ाने की रणनीतियों और दैनिक कार्यों में आने वाली चुनौतियों पर चर्चा की। ग्राहकों से सभी लेन-देन में पारदर्शिता और नैतिक मूल्यों के पालन का आह्वान किया गया।
मेटल जंक्शन ने अपनी जिम्मेदारियों पर प्रस्तुति दी, जबकि एबीएमएस पर जागरूकता बढ़ाने हेतु भी जानकारी साझा की गई। इस अवसर पर बीएसपी की नवीनतम सुधारों जैसे डिलीवरी ऑर्डर का डिजिटलीकरण, मोबाइल ऐप से डीओ स्थिति पर निगरानी और वीएएनएस के माध्यम से ऑनलाइन भुगतान प्रणाली की जानकारी भी दी गई।
सत्र के अंतिम चरण में एक खुला संवाद आयोजित किया गया, जिसमें ग्राहकों के सुझाव और प्रश्नों पर विचार किया गया। कार्यक्रम का धन्यवाद ज्ञापन महाप्रबंधक (विपणन) श्री जे. रथ ने किया। इसका समन्वय महाप्रबंधक (विपणन) सुश्री चैताली दास और टीम ने किया, जबकि संचालन सहायक प्रबंधक (विपणन) श्री मयंक कुमार कर्महे ने संभाला।









